Motihari News: नेपाली युवक ने लड़की को नशीली सुई चुभोकर किया बेहोश, मानव तस्करी की आशंका

सांकेतिक तस्वीर
Motihari News : पूर्वी चम्पारण के महुआवा में एक किशोरी को सुई चुभोकर बेहोश करने का मामला सामने आया है. ग्रामीणों ने एक संदिग्ध नेपाली युवक को पकड़कर पुलिस को सौंपा है, जबकि पुलिस इसे केवल डर से बेहोश होने का मामला बता रही है. जानिए खबर विस्तार से…
Motihari News: सीमावर्ती महुआवा थाना क्षेत्र के धर्मनगर भगड़ी गांव में मंगलवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक 13 वर्षीया किशोरी को संदिग्ध परिस्थितियों में सुई चुभोकर बेहोश करने का आरोप लगा है. गंभीर स्थिति में किशोरी को छौड़ादानो पीएचसी लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल मोतिहारी रेफर कर दिया गया है.
बांसवारी में दिया घटना को अंजाम
जानकारी के अनुसार, धनेश महतो की पौत्री सीमा कुमारी दोपहर में गांव के पास स्थित बांसवारी की तरफ गई थी. परिजनों का आरोप है कि वहां एक अपरिचित युवक ने उसके पैर में सुई चुभो दी. डरी-सहमी किशोरी ने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती सुनाई और फिर बेहोश हो गई. ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तलाशी शुरू की, तो संदिग्ध युवक एक भुसौल (पुआल रखने का घर) में छिपा मिला. लोगों ने उसे बंधक बनाकर पुलिस के हवाले कर दिया. पकड़ा गया युवक नेपाल के हरदिया परशुरामपुर का निवासी बताया जा रहा है.
पुलिस और ग्रामीणों के दावों में उलझा मामला
मामले में पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच विरोधाभास दिख रहा है. थानाध्यक्ष मनोज कुमार का कहना है कि लड़की डर के कारण बेहोश हुई है और पकड़ा गया युवक तस्कर है. वहीं, ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस मामले की लीपापोती कर रही है. स्थानीय लोगों को आशंका है कि युवक अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी गिरोह का सदस्य हो सकता है, जो नशीली सुई का उपयोग कर बच्चियों को अगवा करते हैं. फिलहाल, किशोरी की हालत नाजुक बनी हुई है और पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है.
मोतिहारी से मनोज कुमार गुप्ता की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










