Motihari News: साइबर ठगी का बड़ा खेल, सिम मिलते ही शातिरों ने लगाया 1.64 लाख का चूना

सांकेतिक तस्वीर
Motihari News: मोतिहारी में मोबाइल चोरी के बाद कार्यालय सहायक के बैंक खाते से 1.64 लाख रुपये की साइबर ठगी. शातिरों ने क्रेडिट कार्ड और एटीएम का इस्तेमाल कर उड़ाई रकम. साइबर डीएसपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. जानिए खबर विस्तार…
Motihari News: पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में साइबर अपराधियों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. मोतिहारी व्यवहार न्यायालय में कार्यरत कार्यालय सहायक अजीत कुमार का मोबाइल चोरी होने के बाद ठगों ने उनके बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड से कुल 1 लाख 63 हजार 995 रुपये उड़ा लिए. इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार सदमे में है.
पटना से मोतिहारी आने के दौरान हुई चोरी
जानकारी के अनुसार, अजीत कुमार पटना से मोतिहारी लौट रहे थे, इसी दौरान शातिरों ने उनका मोबाइल चोरी कर लिया. मोबाइल में जियो के दो सिम कार्ड सक्रिय थे, जिनसे बैंकिंग सेवाएं और यूपीआई जुड़े हुए थे. मोबाइल हाथ लगते ही साइबर अपराधियों ने बिना समय गंवाए अजीत के बैंक खातों और क्रेडिट कार्ड में सेंधमारी शुरू कर दी.
एसबीआई और आईसीआईसीआई बैंक को बनाया निशाना
पीड़ित ने बताया कि अपराधियों ने भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के एटीएम और आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर कई ट्रांजैक्शन किए. मोबाइल चोरी होने के महज कुछ ही देर बाद खाते से लगातार पैसे कटने के मैसेज आने लगे. जब तक पीड़ित कुछ समझ पाते और सिम ब्लॉक कराते, तब तक ठगों ने करीब 1.64 लाख रुपये की चपत लगा दी थी.
साइबर पुलिस ने शुरू की जांच
मामले को लेकर पीड़ित ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के साथ ही साइबर थाना में प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया है. साइबर डीएसपी अभिनव पराशर ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अब मोबाइल लोकेशन, आईपी एड्रेस और बैंक ट्रांजैक्शन डिटेल्स के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुट गई है.
मोतिहारी से अमरेश वर्मा की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










