Motihari News: कलश यात्रा झड़प के बाद एक्शन में प्रशासन,अफवाह फैलाने वालों पर नजर

प्रशासन मोर्चा संभालते हुए
Motihari News: मोतिहारी के पचपकरी स्थित भंडार गांव में कलश यात्रा के दौरान हुए विवाद के बाद पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. डीएम और एसपी की पहल से स्थिति अब सामान्य है. पुलिस वीडियो और सीसीटीवी के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर रही है. जानिए खबर विस्तार से…
Motihari News: पचपकरी थाना क्षेत्र के भंडार गांव में सोमवार को कलश यात्रा के दौरान दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भंडार चौक से लेकर पूजा स्थल तक मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है. हालांकि, फिलहाल गांव में स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है.
प्रशासन ने दोनों पक्षों के साथ की शांति वार्ता
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) ने स्वयं मोर्चा संभाला. अधिकारियों ने दोनों पक्षों के प्रबुद्ध लोगों के साथ लंबी वार्ता की, जिसके बाद तनाव को शांत कर स्थिति को सामान्य बनाया गया. प्रशासन की मुस्तैदी के बीच महायज्ञ की पूजा-अर्चना और अन्य धार्मिक अनुष्ठान शांतिपूर्वक संपन्न कराए जा रहे हैं. ढाका डीएसपी उदय कुमार और पकड़ीदयाल डीएसपी कुमार चंदन पुलिस बल के साथ लगातार क्षेत्र में गश्त कर रहे हैं ताकि सुरक्षा में कोई चूक न हो.
सीसीटीवी फुटेज से होगी उपद्रवियों की पहचान
सोमवार को हुई झड़प के बाद पुलिस अब दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है. पुलिस की तकनीकी टीम घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों द्वारा बनाए गए वीडियो को खंगाल रही है. अधिकारियों का कहना है कि उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और माहौल खराब करने वाले किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा. प्रशासन ने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है.
मोतिहारी से विकास कुमार सिंह की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










