मोतिहारी: बकरीद को लेकर हाई अलर्ट, ईदगाहों और मस्जिदों पर कड़ी निगरानी
Published by : Aniket Kumar Updated At : 25 May 2026 12:26 PM
प्रतीकात्मक फोटो
Motihari News: मोतिहारी में बकरीद पर्व को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है. जिले के 484 स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात किए गए हैं. सोशल मीडिया पर निगरानी बढ़ाई गई है और ईदगाहों-मस्जिदों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. पढ़ें पूरी खबर…
मोतिहारी से इन्तेजारुल हक की रिपोर्ट
Motihari News: बकरीद पर्व को लेकर मोतिहारी जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. त्योहार के दौरान जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर से गांव तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी शुरू कर दी है. 27 से 30 मई तक जिले के 484 स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात रहेंगे. अधिकारियों को हर गतिविधि पर नजर रखने और किसी भी अफवाह या गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है.
484 जगहों पर पुलिस और दंडाधिकारी तैनात
जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. डीएम सौरभ जोरवाल और एसपी स्वर्ण प्रभात के संयुक्त निर्देश पर पुलिस अधिकारियों और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. प्रशासन ने साफ किया है कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.
ईदगाह और मस्जिदों पर रहेगी विशेष नजर
बकरीद की नमाज को देखते हुए सभी ईदगाहों और मस्जिदों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है. नमाज के दौरान पुलिस बल लगातार गश्त करेगा. संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो.
अनुमंडल स्तर पर वरीय अधिकारियों को जिम्मेदारी
प्रशासन ने सभी अनुमंडलों के लिए अलग-अलग वरीय अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है. नगर आयुक्त आशीष कुमार को सदर अनुमंडल, अपर समाहर्ता मुकेश कुमार सिन्हा को सिकरहना, डीडीसी डॉ. प्रदीप कुमार को रक्सौल और अन्य अधिकारियों को अलग-अलग अनुमंडलों की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है. ये अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रखेंगे और रिपोर्ट जिला मुख्यालय को भेजेंगे.
सोशल मीडिया पर प्रशासन की पैनी नजर
त्योहार के दौरान सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर भी प्रशासन अलर्ट मोड में है. प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी या सांप्रदायिक तनाव फैलाने वाली पोस्ट करने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है. साइबर टीम को भी सक्रिय कर दिया गया है.
जिला और अनुमंडल स्तर पर बनाए गए कंट्रोल रूम
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला मुख्यालय से लेकर अनुमंडल स्तर तक कंट्रोल रूम बनाए गए हैं. समाहरणालय स्थित जिला नियंत्रण कक्ष का नंबर 06252-242418 जारी किया गया है. यहां 24 घंटे अधिकारी और पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे. प्रशासनिक आदेश के अनुसार सदर अनुमंडल के 179, सिकरहना के 119, पकड़ीदयाल के 44, अरेराज के 44, चकिया के 59 और रक्सौल के 39 स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात किए गए हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aniket Kumar
अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










