पूर्वी चंपारण में शराब तस्करी का बड़ा खुलासा, ट्रक से 2298 लीटर शराब बरामद
राजेपुर में ट्रक से बरामद अंग्रेजी शराब की खेप के साथ कार्रवाई करती पुलिस टीम
Motihari Liquor Case: राजेपुर थाना क्षेत्र के भगवतिया गांव में पुलिस ने एक ट्रक से 261 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है. जब्त शराब की कुल मात्रा 2298.96 लीटर है. मामले में एक तस्कर गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. जानिए खबर विस्तार से...
मोतिहारी के राजेपुर से शशि चंद्र तिवारी की रिपोर्ट
Motihari Liquor Case: पूर्वी चंपारण जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र के भगवतिया गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 261 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है. बरामद शराब की कुल मात्रा 2298.96 लीटर बताई गई है. पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
ट्रक में छिपाकर ले जाई जा रही थी शराब
राजेपुर थानाध्यक्ष कुमार सौरभ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रविवार की संध्या छापेमारी कर संदिग्ध ट्रक को कब्जे में लिया. तलाशी के दौरान पाया गया कि तस्करों ने अंग्रेजी शराब की पेटियों को चीनी मिट्टी के कप-प्लेट के कार्टूनों के नीचे छिपाकर रखा था, ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके.
एक तस्कर गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लखींद्र राय, पिता सोगारत राय, निवासी भगवतिया, थाना राजेपुर, जिला पूर्वी चंपारण को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उससे प्राप्त जानकारी के आधार पर शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है.
नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है. मामले में शामिल अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
शराब तस्करी के खिलाफ अभियान जारी
डीएसपी कुमार चंदन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जिले में शराब तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने और फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










