पूर्वी चंपारण के 85 केंद्रों पर निशुल्क कंप्यूटर शिक्षा, युवाओं को मिल रहा आत्मनिर्भर बनने का हुनर
कंप्यूटर सीखने छात्र छात्राएं
motihari kushal yuva karyakram: पूर्वी चंपारण में बिहार सरकार के कुशल युवा कार्यक्रम से 1.17 लाख से अधिक युवा डिजिटल और व्यावहारिक रूप से हुनरमंद बने हैं. जिले के 85 केंद्रों पर युवाओं को निशुल्क कंप्यूटर, भाषा और व्यवहार कौशल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है. जानिए पूरी खबर…
मोतिहारी से इन्तेजारुल हक की रिपोर्ट
motihari kushal yuva karyakram: बिहार सरकार की सात निश्चय योजना ‘आर्थिक हल, युवाओं के बल’ के तहत चलाया जा रहा ‘कुशल युवा कार्यक्रम’ (KYP) पूर्वी चंपारण के युवाओं के लिए वरदान साबित हो रहा है. यह कार्यक्रम स्थानीय युवाओं को डिजिटल और व्यावहारिक रूप से आत्मनिर्भर बना रहा है. जिले में अब तक 1,17,362 युवाओं को कंप्यूटर ट्रेनिंग देकर मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें तकनीकी रूप से सशक्त बनाने का काम किया जा चुका है. जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र के योजना प्रबंधक मो. फरहान आलम ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत कुल 2,03,772 युवाओं ने आवेदन किए हैं.
85 केंद्रों पर निशुल्क मिल रही आधुनिक शिक्षा
पूर्वी चंपारण जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में वर्तमान में 85 कंप्यूटर सेंटर संचालित हो रहे हैं. इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों को पूरी तरह निशुल्क कंप्यूटर की बेसिक शिक्षा दी जा रही है. आज के डिजिटल युग में जहां कंप्यूटर और इंटरनेट की जानकारी होना अनिवार्य है, वहीं केवाईपी सेंटर युवाओं को इस काबिल बना रहे हैं कि वे किसी भी क्षेत्र में डटकर मुकाबला कर सकें. कोर्स के दौरान युवाओं के व्यवहार कौशल (Behavioral Skills) और संचार कौशल (Communication Skills) को भी निखारा जाता है.
तीन प्रमुख स्तंभों पर आधारित है प्रशिक्षण
कुशल युवा कार्यक्रम के तहत नामांकित छात्रों को तीन मुख्य विषयों का प्रशिक्षण दिया जाता है. पहला, विशिष्ट कंप्यूटर ज्ञान (आईटी साक्षरता) जिसके तहत एमएस ऑफिस, इंटरनेट और बुनियादी डिजिटल टूल्स का संचालन सिखाया जाता है. दूसरा, भाषा ज्ञान (Language Skills) जिसमें अंग्रेजी और हिंदी में संवाद करने का सही तरीका बताया जाता है. तीसरा, व्यवहार कौशल (Soft Skills) जिसके तहत कार्यस्थल का व्यवहार, समय प्रबंधन और टीम वर्क की ट्रेनिंग दी जाती है.
योजना प्रबंधक ने बताया कि 28 वर्ष तक के युवाओं को आधुनिक कौशल से लैस कर सीधे रोजगार से जोड़ा जा रहा है. इसके लिए स्कूलों और कॉलेजों में अभियान चलाकर जागरूकता बढ़ाई जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










