बुधवार को वीरगंज सहित सीमावर्ती इलाके में शांतिपूर्ण रहा माहौल, सेना की तैनाती

यहां मंगलवार को पूरे दिन चले विरोध प्रदर्शन के बाद बुधवार को कहीं से किसी प्रकार के विरोध प्रदर्शन की खबर नहीं है.
रक्सौल. नेपाल के सीमावर्ती शहर वीरगंज में बुधवार को हालात शांतिपूर्ण रहा. यहां मंगलवार को पूरे दिन चले विरोध प्रदर्शन के बाद बुधवार को कहीं से किसी प्रकार के विरोध प्रदर्शन की खबर नहीं है. वीरगंज के साथ-साथ भारत की सीमा से लगे नेपाल के बारा जिला में भी बुधवार को शांति रही. मंगलवार की रात 10 बजे से ही नेपाली सेना के जवानों को सुरक्षा के दृष्टिकोण से तैनात कर दिया गया था. नेपाली सेना के द्वारा नेपाल के लगातार खराब होते हालात को संभालने के लिए कमांड अपने हाथ में लिया गया. इसके बाद बुधवार को पूरे दिन के लिए निषेधाज्ञा जारी की गयी. चौक-चौराहे पर नेपाली सेना के जवानों की तैनाती की गयी और माइकिंग कराकर लोगों को अपने घरों के अंदर ही सुरक्षित रहने की अपील की गयी. मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह से बचाव कार्य प्रारंभ हो गया. मंगलवार को प्रदर्शनकारियों के द्वारा जिन सरकारी भवनों और गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया गया था, उसको सड़क से हटाने काम किया गया. इसमें नेपाल रेड क्रॉस सोसाइटी के सदस्यों की भूमिका अहम रही. वहीं नेपाल के बारा जिला मुख्यालय कलैया में भी नेपाली सेना की तैनाती की गयी है. नेपाल में काम करने वाले भारतीय नागरिकों से जब प्रभात खबर की टीम ने बात की तो उन्होंने बताया कि हमलोग अपने-अपने आवासीय परिसर में ही कैद है. दूतावास के द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार घर से बाहर निकलने की मनाही है, यदि यातायात सामान्य हो जाता है तो हमलोग घर लौट आयेगें. वीरगंज सहित पूरे नेपाल में प्रशासनिक ढ़ाचा ध्वस्त होने के बाद नेपाली सेना के द्वारा ही स्थिति को नियंत्रण में लेकर काम किया जा रहा है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




