मोतिहारी: निजी नर्सिंग होम में महिला की मौत पर हंगामा, सड़क जाम

Updated:
विज्ञापन
Family members protesting after woman death at private nursing home in Kesariya

नर्सिंग होम के बाहर जुटे आक्रोशित परिजन

मोतिहारी के केसरिया में निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान महिला की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया और सड़क जाम कर आक्रोश जताया. पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

मोतिहारी के केसरिया से राकेश कुमार रत्न की रिपोर्ट

Motihari News: बिजधरी थाना क्षेत्र के लाला छपरा स्थित एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान महिला की मौत के बाद मंगलवार को परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा.

आक्रोशित लोगों ने नर्सिंग होम पहुंचकर जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ की. घटना के बाद नर्सिंग होम के सभी कर्मी मौके से फरार हो गए.

सड़क जाम कर जताया विरोध

परिजनों ने शववाहन को नर्सिंग होम के सामने सड़क पर खड़ा कर सत्तरघाट सड़क मार्ग को कुछ देर के लिए जाम कर दिया, जिससे आवागमन बाधित हो गया.

सूचना मिलने पर बिजधरी थानाध्यक्ष सीमा कुमारी, एसआई मुन्ना सिंह और एसआई गुड्डू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया.

पेट दर्द की शिकायत पर भर्ती हुई थी महिला

बताया जाता है कि लाला छपरा चौक पर कुशहर निवासी राजन कुमार द्वारा निजी नर्सिंग होम का संचालन किया जाता है.

मंगलवार सुबह मनोहर छपरा निवासी सुभाष पंडित की पत्नी चंचल देवी (25) को पेट दर्द की शिकायत पर वहां भर्ती कराया गया था. महिला तीन माह की गर्भवती बताई जा रही थी.

परिजनों ने लगाया गंभीर आरोप

परिजनों का आरोप है कि चिकित्सक द्वारा महिला को गर्भपात की दवा खिलाई गई, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई.

आरोप है कि बाद में महिला का ऑपरेशन भी किया गया, जिसके बाद स्थिति और गंभीर हो गई. गंभीर हालत में परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

मृतका अपने पीछे दो छोटे पुत्र छोड़ गई है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.

समाचार प्रेषण तक मामले में परिजनों की ओर से थाना में कोई आवेदन नहीं दिया गया था.

विज्ञापन
Sarfaraz Ahmad

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन