डेढ़ किलो चांदी और 50 ग्राम सोने के आभूषण ले उड़े बाइक सवार,खंगाली जा रही CCTV फुटेज

घटनास्थल पर पहुंच मामले की जांच पड़ताल करती पुलिस | Prabhat Khabar Network
केसरिया में बाइक सवार बदमाशों ने स्वर्ण व्यवसायी के पुत्र से डेढ़ किलो चांदी और सोने के गहनों से भरा बैग झपटा। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए जांच में जुटी है।
Jewellery snatching: मोतिहारी जिला के केसरिया थाना क्षेत्र के हाजीपुर मध्य विद्यालय के समीप मंगलवार देर शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक स्वर्ण व्यवसायी के पुत्र से जेवरात से भरा बैग झपट लिया और फरार हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश में जुट गई.
दुकान बंद कर घर लौटते समय वारदात
जानकारी के अनुसार, हाजीपुर निवासी विकास कुमार साह की कटहरी बाजार में 'विक्रम बर्तन भंडार एवं ज्वेलर्स' नाम से दुकान है. अस्वस्थता के कारण इन दिनों दुकान का संचालन उनके पुत्र अंकित कुमार कर रहे थे. मंगलवार की शाम दुकान बंद करने के बाद अंकित अपने छोटे भाई अमित कुमार के साथ बाइक से घर लौट रहे थे. उनके पास करीब डेढ़ किलोग्राम चांदी की पायल, 50 ग्राम सोने के आभूषण तथा अन्य जेवरात से भरा बैग था. जैसे ही दोनों भाई हाजीपुर मध्य विद्यालय के पास पहुंचे, पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और अंकित के हाथ से बैग झपटकर फरार हो गए.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर छानबीन शुरू कर दी है. थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर लिया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By हिमांशु कुमार
हिमांशु पिछले 11 वर्षों से समाचार लेखन, संपादन के कार्य में सक्रिय हैं. इन्हें प्रशासनिक खबरों, जनसरोकार से जुड़े मुद्दों, खेल, बाजार तथा विभिन्न सामाजिक एवं संस्थागत गतिविधियों पर सटीक और विश्लेषणात्मक रिपोर्टिंग करने में विशेष रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










