करोड़ों खर्च के बावजूद बलुआ टाल में कूड़े का अंबार, लोगों ने नगर निगम पर उठाए सवाल

बलुआ वार्ड 34 में लगा कूड़ा का ढेर
मोतिहारी के वार्ड 34 में करोड़ों रुपये खर्च के बावजूद सफाई व्यवस्था बदहाल है. बलुआ टाल मोहल्ले में कूड़े का ढेर जमा है, जिससे दुर्गंध और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है. स्थानीय लोग नियमित सफाई और अतिक्रमण हटाने की मांग कर रहे हैं.
Motihari News: शहर में डोर-टू-डोर कचरा उठाव पर हर वर्ष करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद वार्ड संख्या-34 के बलुआ टाल मोहल्ले में सफाई व्यवस्था बदहाल बनी हुई है. सिटी कार्ट मॉल के सामने ट्रांसफार्मर से बलुआ गुमटी जाने वाली सड़क के बीच लंबे समय से कूड़े का ढेर लगा है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम के सफाईकर्मी नियमित रूप से इस मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन सड़क पर जमा कचरे का उठाव नहीं किया जाता.
गंदगी और दुर्गंध से बढ़ी परेशानी
लगातार बारिश के कारण कूड़े से तेज दुर्गंध फैल रही है. आसपास मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ने लगा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर निगम की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई.
अतिक्रमण से संकरी हुई सड़क
मोहल्लेवासियों का कहना है कि सड़क किनारे अतिक्रमण होने से सरकारी सड़क संकरी हो गई है. इससे वाहनों और पैदल राहगीरों को आने-जाने में काफी परेशानी होती है. लोगों ने जिला प्रशासन और नगर निगम से संयुक्त रूप से सड़क की पैमाइश कर अतिक्रमण हटाने की मांग की है.
सफाई अभियान चलाने की मांग
स्थानीय लोगों ने कहा कि बलुआ टाल शहर का प्रमुख रिहायशी इलाका है, लेकिन यहां नियमित सफाई नहीं होने से नाराजगी बढ़ रही है. उन्होंने नगर निगम से कूड़े का नियमित उठाव सुनिश्चित करने, विशेष सफाई अभियान चलाने और बारिश के मौसम में बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है.
यह भी पढ़ें: तीन दिन की बारिश में डूबा शहर, जलजमाव ने खोली नगर निगम की तैयारियों की पोल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सामंत कुमार गौतम
सामंत वर्ष 2013 से यानी पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वाणिज्य (बी.कॉम) और कानून (एलएलबी) स्नातक सामंत को समाचार संकलन, संपादन, कंप्यूटर तकनीक और समाचार प्रबंधन का व्यापक अनुभव है. ये पत्रकारिता के साथ-साथ समाचारों के तकनीकी व प्रबंधकीय कार्यों में विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










