घर में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, मां ने लगाया दहेज हत्या का आरोप; 8 लोगों पर केस

प्रतीकात्मक तस्वीर
रक्सौल के सिसवा गांव में एक विवाहिता का शव घर में फंदे से लटका मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. मृतका की मां ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए पति समेत आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है.
Raxaul Dowry Death: थाना क्षेत्र के सिसवा पंचायत के सिसवा गांव वार्ड संख्या-6 में एक विवाहिता का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मोतिहारी भेज दिया.
मृतका की मां के आवेदन पर पुलिस ने पति, सास-ससुर समेत आठ लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सिसवा गांव में एक विवाहिता का शव घर के अंदर फंदे से लटका हुआ है. सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे.
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. घटना के बाद गांव में बड़ी संख्या में लोग जुट गए और मामले को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया.
मां ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
मृतका की मां ललिता देवी, जो पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज की रहने वाली हैं, ने थाना में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि शादी के बाद से उनकी बेटी को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जाता था.
उन्होंने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया, ताकि घटना को आत्महत्या का रूप दिया जा सके.
पति समेत आठ लोग नामजद
मृतका की मां के आवेदन के आधार पर पुलिस ने पति मन्नू पटेल, सास, ससुर समेत कुल आठ लोगों को नामजद आरोपी बनाया है.
मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
पुलिस बोली- हर पहलू की हो रही जांच
थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.
उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और परिजनों व स्थानीय लोगों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: पहले शादी का झांसा, फिर कोर्ट मैरिज... अब 5 लाख दहेज नहीं देने पर घर से निकालने का आरोप
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










