भारत-नेपाल सीमा पर नशा तस्करों पर सख्ती, मोतिहारी में चलेगा 'रोको-टोको' अभियान

Author Intejarul Haq|Edited by Aaruni Thakur
Updated:
विज्ञापन
बैठक में मौजूद डीएम सौरभ सुमन यादव व अन्य वरीय अधिकारी | Prabhat Khabar Network

बैठक में मौजूद डीएम सौरभ सुमन यादव व अन्य वरीय अधिकारी

भारत-नेपाल सीमा पर नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए मोतिहारी में 'रोको-टोको' अभियान शुरू किया गया है. जिला प्रशासन ने सीमावर्ती क्षेत्रों, रेलवे स्टेशनों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि अवैध कारोबार पर अंकुश लगाया जा सके.

विज्ञापन

India Nepal Border Drug Smuggling: मोतिहारी में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए जिला प्रशासन ने भारत-नेपाल सीमा पर 'रोको-टोको' अभियान चलाने का फैसला किया है. शुक्रवार को समाहरणालय स्थित डॉ. राधाकृष्णन भवन में आयोजित जिला स्तरीय नार्को-कोऑर्डिनेशन समिति की बैठक में जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने अधिकारियों को सीमावर्ती क्षेत्रों, रेलवे स्टेशनों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए.

डीएम ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार को रोकने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ नियमित कार्रवाई करनी होगी.

नेपाल सीमा पर बढ़ेगी चौकसी

बैठक में डीएम ने विशेष रूप से रक्सौल और ढाका अनुमंडल में पुलिस एवं सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया.

उन्होंने कहा कि नेपाल सीमा से सटे जीरो से 15 किलोमीटर तक का इलाका नारकोटिक्स तस्करी के लिहाज से बेहद संवेदनशील है. ऐसे क्षेत्रों में लगातार निगरानी, संयुक्त छापेमारी और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

रेलवे स्टेशन और सोशल नेटवर्क पर भी नजर

डीएम ने रेलवे स्टेशनों पर भी गहन निगरानी रखने पर जोर देते हुए कहा कि मादक पदार्थों के भंडारण, परिवहन और सेवन के खिलाफ हर स्तर पर मुस्तैदी जरूरी है.

उन्होंने निर्देश दिया कि पकड़े जाने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ काम करें.

संयुक्त अभियान में बड़ी बरामदगी

बैठक में 47वीं बटालियन एसएसबी, रक्सौल के कमांडेंट ने बताया कि पिछले एक महीने में पुलिस और एसएसबी के संयुक्त अभियान में गांजा, स्मैक और चरस की बड़ी खेप बरामद की गई है. इस दौरान कई तस्करों को गिरफ्तार किया गया और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है.

वहीं 71वीं बटालियन एसएसबी, पिपरा कोठी के कमांडेंट ने बताया कि स्थानीय पुलिस के सहयोग से मानव तस्करी और नारकोटिक्स के मामलों में कई गिरफ्तारियां हुई हैं. ड्रग्स की अवैध बिक्री करने वाली दुकानों पर भी छापेमारी की गई.

जुलाई में कहां-कहां क्या बरामद हुआ

बैठक में पुलिस अधिकारियों ने हालिया कार्रवाई का ब्यौरा भी प्रस्तुत किया.

क्षेत्रकार्रवाई
नगर थाना, मोतिहारी4 किलोग्राम अफीम बरामद, 5 गिरफ्तार, 6000 प्रतिबंधित इंजेक्शन जब्त
रघुनाथपुर एवं तुरकौलिया234 ग्राम गांजा बरामद, 3 गिरफ्तार
ढाका अनुमंडल6.50 किलोग्राम अफीम और 100 ग्राम गांजा बरामद, 5 गिरफ्तार
रक्सौल अनुमंडलएक माह में 11 मामले दर्ज, 29 किलोग्राम गांजा, 150 ग्राम स्मैक और 17 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद

शराब कारोबारियों पर भी कार्रवाई

सहायक आयुक्त मद्य निषेध ने बताया कि पिछले एक माह में 87 शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया.

इस दौरान 1,244 लीटर विदेशी शराब और 16,355 लीटर देसी शराब जब्त की गई. कार्रवाई के दौरान 36 वाहन भी जब्त किए गए. वहीं सदर अस्पताल स्थित नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र में आठ लोगों को भर्ती कराया गया.

खाद की कालाबाजारी पर भी सख्ती

बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि अप्रैल से जुलाई 2026 के बीच उर्वरक की कालाबाजारी रोकने के लिए 749 छापेमारी की गई.

इनमें 26 मामलों में अनियमितता मिली, 14 एफआईआर दर्ज कराई गईं, 4 दुकानों का लाइसेंस रद्द, 2 लाइसेंस निलंबित किए गए तथा 8 उर्वरक विक्रेताओं से स्पष्टीकरण मांगा गया.

डीएम ने दिए ये निर्देश

डीएम सौरभ सुमन यादव ने सीमा सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस को संयुक्त अभियान लगातार जारी रखने का निर्देश दिया. साथ ही जिला कृषि पदाधिकारी को सीमावर्ती क्षेत्रों में खाद दुकानों का नियमित स्टॉक सत्यापन कराने को कहा.

उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों का बढ़ता चलन युवाओं के स्वास्थ्य, परिवार और समाज के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है. ऐसे में सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी.


विज्ञापन
Intejarul Haq

लेखक के बारे में

By Intejarul Haq

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन