Dhaka Muharram Meeting: मुहर्रम को लेकर ढाका थाना में शांति समिति की बैठक, डीएम–एमपी ने दिए आवश्यक निर्देश
स्थानीय जनप्रततिनिधि और लोगों के साथ शांति समिति की बैठक करते डीएम व एसपी
Dhaka Muharram Meeting: मुहर्रम को लेकर ढाका थाना में डीएम और एसपी की मौजूदगी में शांति समिति की बैठक हुई.प्रशासन ने बिना लाइसेंस जुलूस निकालने, डीजे बजाने और हथियारों के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाते हुए सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है. जानिए पूरी खबर…
मोतिहारी से सुजीत कुमार पाठक की रिपोर्ट
Dhaka Muharram Meeting: मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को ढाका थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई.सिकरहना अनुमंडल के इस थाना परिसर में हुई बैठक जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव एवं पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुई.बैठक में क्षेत्र के गणमान्य लोगों और पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया.
बिना लाइसेंस नहीं निकलेगा मुहर्रम का जुलूस
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मुहर्रम के दौरान निकलने वाले सभी ताजिया जुलूस समितियों को अनिवार्य रूप से प्रशासन से लाइसेंस प्राप्त करना होगा.बिना पूर्व अनुमति और लाइसेंस के किसी भी प्रकार के जुलूस निकालने पर पूरी तरह रोक रहेगी.
डीजे बजाने और धारदार हथियारों के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध
बैठक को संबोधित करते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए.जुलूस में डीजे के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा और उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाएगी.पुलिस अधीक्षक ने सख्त लहजे में कहा कि मुहर्रम जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार के धारदार या घातक हथियार का प्रदर्शन अथवा प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए.इसके साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया या किसी अन्य माध्यमों से फैलने वाली भ्रामक अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही उन्हें आगे शेयर करें.किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस-प्रशासन को दें.
आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव के साथ त्योहार मनाने की अपील
बैठक के समापन पर उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी समुदायों के आमजन से मुहर्रम पर्व को शांति, आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव के साथ मनाने की अपील की.उन्होंने कहा कि त्योहारों की सार्थकता आपसी प्रेम और सामाजिक एकता में है.प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि पर्व के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ बनी रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










