Champaran Human Trafficking Busted: पुलिस ने किया मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार
मानव तस्कर से मुक्त करायी गयी महिलाएं व पुलिस
Champaran Human Trafficking Busted: पूर्वी चंपारण की पिपराकोठी पुलिस ने एक होटल में छापेमारी कर मानव तस्करी गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. यह गिरोह असहाय महिलाओं को शादी और पैसों का लालच देकर राजस्थान में बेचने का काम करता था. जानिए पूरी खबर…
मोतिहारी से सुजीत पाठक की रिपोर्ट
Champaran Human Trafficking Busted: जिले की पिपराकोठी थाना पुलिस ने एक कथित मानव तस्करी गिरोह का बड़ा भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस गिरोह के पांच सक्रिय सदस्यों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. आरोप है कि यह गिरोह गरीब, लाचार और असहाय महिलाओं को शादी का झांसा देकर या भारी पैसों का लालच देकर राजस्थान सहित देश के अन्य राज्यों में ले जाकर बेचने का अवैध धंधा करता था.
होटल में छापेमारी कर महिला को चंगुल से छुड़ाया
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गिरोह के सदस्य एक स्थानीय होटल में ठहरे हुए हैं और एक महिला की तस्करी करने की फिराक में हैं. इसके बाद पुलिस टीम ने चिन्हित होटल में छापेमारी कर आरोपियों को धर दबोचा. जांच में सामने आया कि पीड़िता संजू देवी को कथित तौर पर नशीला पदार्थ पिलाकर और महज 10,000 रुपये का लालच देकर दूसरे राज्य भेजने की पूरी तैयारी कर ली गई थी, लेकिन समय रहते पुलिस ने इस साजिश को नाकाम कर दिया.
शादी के नाम पर राजस्थान भेजने की बात स्वीकारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनीता पांडे, नीतू कुमारी, खातून, मुरली मेघवाल और अजय कुमार के रूप में हुई है. पुलिसिया पूछताछ में इन सभी आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे महिलाओं को शादी के नाम पर झांसा देकर राजस्थान ले जाते थे. मामले की शिकार हुई पीड़िता संजू देवी ने बताया कि उसके पति की सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी है और उसके दो छोटे बच्चे हैं. उसकी इसी लाचारी का फायदा उठाने की कोशिश की गई थी.
पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच में जुटी टीम
संजू देवी की मां ने पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई पर गहरा संतोष व्यक्त करते हुए राहत की सांस ली है. यह मामला उन आपराधिक तौर-तरीकों को उजागर करता है, जहां कमजोर आर्थिक स्थिति वाली महिलाओं को विवाह या नौकरी का झांसा देकर जाल में फंसाया जाता है. पिपराकोठी थाना पुलिस ने मानव तस्करी और धोखाधड़ी की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










