बंजरिया में दो साल से खाली उप-प्रमुख का पद, विकास कार्यों पर पड़ रहा असर

फाइल फोटो बंजरिया प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन
बंजरिया प्रखंड में उप-प्रमुख का पद पिछले दो वर्षों से खाली है, जिससे प्रशासनिक कार्यों और विकास योजनाओं पर गंभीर असर पड़ रहा है. स्थानीय जनप्रतिनिधि जल्द चुनाव कराने की मांग कर रहे हैं.
Motihari News: बंजरिया प्रखंड कार्यालय में प्रशासनिक स्थिरता का अभाव बना हुआ है. प्रखंड में उप-प्रमुख का पद करीब दो वर्षों से रिक्त है, जिससे पंचायत समिति की बैठकों और विकास योजनाओं के संचालन पर असर पड़ रहा है. स्थानीय जनप्रतिनिधियों का कहना है कि इस पद पर समय रहते चुनाव नहीं होने से कई प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं.
Banjariya News: दो वर्षों से रिक्त है उप-प्रमुख का पद
जानकारी के अनुसार वर्ष 2024 में तत्कालीन उप-प्रमुख अनिल कुमार उर्फ पप्पू यादव के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद उन्हें पद छोड़ना पड़ा था. इसके बाद से अब तक उप-प्रमुख का चुनाव नहीं कराया गया. नियमानुसार रिक्त पद पर शीघ्र चुनाव होना चाहिए था, लेकिन अब तक प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी है.
प्रमुख बदल गए, लेकिन उप-प्रमुख का चुनाव नहीं
वर्ष 2025 में तत्कालीन प्रखंड प्रमुख जफीर आजाद चमन न्यायालय द्वारा एक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद पदमुक्त हो गए थे. इसके बाद हुए चुनाव में पूर्व उप-प्रमुख अनिल कुमार उर्फ पप्पू यादव प्रखंड प्रमुख निर्वाचित हुए. उन्हें पदभार संभाले छह महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन उप-प्रमुख का चुनाव अब भी लंबित है.
पंचायत समिति की एक सीट भी है खाली
सिसवा पूर्वी पंचायत से पंचायत समिति सदस्य रहे जफीर आजाद चमन के पदमुक्त होने के बाद वह सीट भी रिक्त पड़ी है. ऐसे में प्रखंड में एक पंचायत समिति सदस्य और उप-प्रमुख दोनों पद खाली हैं, जिससे पंचायत समिति के कार्यों के संचालन में कठिनाइयां आ रही हैं.
जनप्रतिनिधियों ने चुनाव कराने की उठाई मांग
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का कहना है कि उप-प्रमुख का पद रिक्त रहने से पंचायत समिति की बैठकों में समन्वय और विकास योजनाओं की समीक्षा प्रभावित हो रही है. बंजरिया प्रखंड में कुल 16 पंचायत समिति सदस्य पद हैं. ऐसे में एक सदस्य और उप-प्रमुख का पद खाली रहने से विकास कार्यों की गति पर असर पड़ रहा है. लोगों ने जल्द चुनाव कराकर दोनों रिक्त पद भरने की मांग की है.
यह भी पढ़ें: हर साल बाढ़ से क्यों डूबता है पूर्वी चंपारण? नेपाल की बारिश बनती है सबसे बड़ी वजह
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










