हेलीकॉप्टर से बरसे फूल, हर-हर महादेव से गूंज उठा अरेराज धाम, तीसरी सोमवारी पर दिखा आस्था का अद्भुत नजारा

Updated:
विज्ञापन

हेलीकॉप्टर से मंदिर परिसर और श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा

ऐतिहासिक अरेराज स्थित बाबा सोमेश्वरनाथ धाम में श्रावण मास की तीसरी सोमवारी पर आस्था का अद्भुत नज़ारा दिखा. पर्यटन विभाग की ओर से हेलीकॉप्टर से भव्य पुष्प वर्षा कराई गई, जिससे पूरा धाम 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयघोष से गूंज उठा.

विज्ञापन

Motihari News: मोतिहारी. पवित्र श्रावण मास की तीसरी सोमवारी पर ऐतिहासिक अरेराज स्थित बाबा सोमेश्वरनाथ धाम में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला. बिहार सरकार के पर्यटन विभाग की ओर से मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में हेलीकॉप्टर के माध्यम से भव्य पुष्प वर्षा कराई गई. फूलों की वर्षा शुरू होते ही पूरा मंदिर परिसर "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष से गूंज उठा.

Sawan Somwari: हेलीकॉप्टर से श्रद्धालुओं पर बरसे फूल

हेलीकॉप्टर के मंदिर के ऊपर पहुंचते ही श्रद्धालुओं पर फूलों की वर्षा शुरू हुई. आसमान से बरसते फूलों को देखकर भक्तों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. बड़ी संख्या में लोगों ने इस विहंगम दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया और पुष्प प्रसाद प्राप्त किया.

स्थानीय लोगों और दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने पर्यटन विभाग की इस पहल को अनूठा बताते हुए कहा कि ऐसा दृश्य पहली बार देखने को मिला, जिससे तीसरी सोमवारी का दिन उनके लिए यादगार बन गया.

सुबह से उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

तीसरी सोमवारी को लेकर अहले सुबह से ही अरेराज धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी थी. बिहार के विभिन्न जिलों के साथ नेपाल और दूसरे राज्यों से भी कांवरिए और शिवभक्त बाबा सोमेश्वरनाथ का जलाभिषेक करने पहुंचे.

श्रद्धालुओं ने लंबी कतारों में लगकर बाबा को जल अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना की.

हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा धाम

पुष्प वर्षा के दौरान मंदिर परिसर में हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से माहौल भक्तिमय हो गया. श्रद्धालुओं में फूलों को प्रसाद के रूप में पाने को लेकर भी उत्साह देखा गया.

कई भक्तों ने इस विशेष आयोजन को धार्मिक आस्था के साथ पर्यटन और सांस्कृतिक आकर्षण से भी जोड़कर देखा.

प्रशासन ने संभाली सुरक्षा और भीड़ की व्यवस्था

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. पुलिस एवं प्रशासनिक कर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित करने, श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु रखने और मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाई.

यह भी पढ़ें: अटल जी की पुण्यतिथि पर चकिया में गूंजा राष्ट्रसेवा का संदेश, नेताओं ने किया नमन


विज्ञापन
अश्विनी कुमार

लेखक के बारे में

By अश्विनी कुमार

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन