Madhubani News : धनतेरस की शाम बरही गांव स्थित ज्वेलरी दुकान में हुई लूट का उद्वेदन

अरेर थाना की नगवास पंचायत के बरही चौक स्थित शिवा ज्वेलर्स दुकान में पिछले 18 अक्टूबर धनतेरस की शाम हुई लूट मामले का पुलिस ने उद्भेदन कर दिया है.
बेनीपट्टी. अरेर थाना की नगवास पंचायत के बरही चौक स्थित शिवा ज्वेलर्स दुकान में पिछले 18 अक्टूबर धनतेरस की शाम हुई लूट मामले का पुलिस ने उद्भेदन कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले पांच आरोपित को हथियार व लूटे हुए रुपये के साथ पकड़ा. आरोपितों की पहचान दरभंगा जिले के बहेरा थाना के शिवराम गांव निवासी धीरज कुमार, मनीष कुमार मंडल, बेता थाना के बेता निवासी चंद्र भूषण रंजन उर्फ सौरभ, मनीगाछी थाना के रामपुर गांव निवासी नीरज यादव व मधुबनी जिले के राजनगर थाना के सतहाड़ा चट्टी रोड निवासी अशरफ अली उर्फ अमन के रूप में हुई. गिरफ्तार अपराधियों के खिलाफ नगर थाना मधुबनी व नेहरा थाने में भी प्राथमिकी दर्ज है. यह बातें बेनीपट्टी स्थित अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में प्रेस प्रतिनिधियों को जानकारी देते हुए एसडीपीओ अमित कुमार ने कही. उन्होंने बताया कि अरेर थाना अंतर्गत नगवास पंचायत के बरही चौक पर स्थित शिवा ज्वेलर्स एंड बर्तन भंडार नामक दूकान से धनतेरस की शाम में दो बाइक पर सवार होकर 5 अपराधकर्मी पहुंचे थे. उसमें से एक अपराधी चांदी का चेन और ब्रासलेट खरीदने के नाम पर दुकान पर गया. उसके पीछे से बांकी सभी चार अपराधी भी उस दूकान पर पहुंच गये और अपने-अपने कमर में रखे कट्टा निकालकर दूकानदार सहित अन्य को डरा धमका कर नगद सहित कुल 2 लाख 20 हजार रूपये के सामानों की लूट की वारदात को अंजाम दिया. घटना के बाद एसपी के निर्देश पर कांड के उद्वेदन और अपराधकर्मियों की गिरफ्तारी के लिये मेरे नेतृत्व में एक एसआइटी टीम का गठन किया गया. जिसमें पर्यवेक्षी पदाधिकारी राज नंदन कुमार, सर्किल पुलिस इंस्पेक्टर नीरज कुमार वर्मा, अरेर थानाध्यक्ष आनंद शंकर गौरव, अपर थाना अध्यक्ष बेमिशाल कुमार, एसआइ अमित कुमार सिंह, निरंजन कुमार, सुनीता कुमारी, देव कुमार राम, संजय कुमार, एएसआइ भरत कुमार, पीटीसी छोटेलाल, तकनीकी शाखा के सपन कुमार, मनोहर कुमार व बेनीपट्टी थाना के अपर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह को शामिल किया गया. एसआइटी टीम द्वारा मानवीय एवं तकनीकी सीडीआर, आइपीडीआर, टावर डंपिंग आदि द्वारा विश्लेषण करने के बाद कपसिया पुल के पास आम के बगीचे से पांचों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही इन सभी के पास से लूट की 1 लाख 26 हजार रूपये, 2 देसी कट्टा, एक देसी पिस्टल, एक 8 एमएम का जिंदा कारतूस, 4 एंड्रॉयड व 1 किपैड मोबाइल, घटना में प्रयुक्त 2 बाइक तथा एक पिला ग्लब्स, कपड़ा और एक सेट जूता भी बरामद किया. पकड़े गये आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




