घोघरडीहा में दो माह में 30 घरों में चोरी, ग्रामीणों ने एसपी से लगाई गुहार

Updated:
विज्ञापन

प्रतीकात्मक तस्वीर

घोघरडीहा गांव में लगातार हो रही चोरियों ने ग्रामीणों को भयभीत कर दिया है. पिछले दो महीनों में करीब 30 घरों को निशाना बनाया गया है, जिससे असुरक्षा की भावना बढ़ रही है. ग्रामीण अब उच्चस्तरीय जांच और सुरक्षा की मांग कर रहे हैं.

विज्ञापन

Ghoghardiha News: घोघरडीहा थाना क्षेत्र के घोघरडीहा गांव में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में भय का माहौल है. मामले में दी रहिका सेंट्रल कॉपरेटिव बैंक, मधुबनी के पूर्व अध्यक्ष ने पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) को आवेदन देकर विशेष पुलिस टीम गठित करने और चोरी की घटनाओं की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है.

दो माह में करीब 30 घरों में चोरी का दावा

आवेदन के अनुसार, घोघरडीहा गांव के वार्ड संख्या 8, 9, 10 और 11 में पिछले करीब दो माह के दौरान लगभग 30 घरों में चोरी की घटनाएं हुई हैं. इसके अलावा डेवढ़ गांव में भी एक घर से करीब 60 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति और जेवरात चोरी होने का उल्लेख किया गया है. आवेदन में दावा किया गया है कि इन मामलों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है.

बाहर रहने वाले लोगों के घर बन रहे निशाना

ग्रामीणों का कहना है कि चोर मुख्य रूप से उन घरों को निशाना बना रहे हैं, जिनके गृहस्वामी गांव से बाहर रहते हैं. कई बार घोघरडीहा थाना को मौखिक और लिखित रूप से सूचना देने के बावजूद चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक नहीं लग सकी है.

CCTV और ग्राम रक्षा दल के बावजूद जारी घटनाएं

आवेदन में कहा गया है कि गांव में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और कुछ समय पहले ग्राम रक्षा दल का भी गठन किया गया था. इसके बावजूद चोरी की घटनाएं जारी हैं, जिससे ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है. लोगों का कहना है कि अब घर छोड़कर बाहर जाने में भी डर लगने लगा है.

आवेदन में सोहन मिश्र, अर्जुन मिश्र, संतोष मिश्र, संतोष पंडित, प्रमोद झा, राजेंद्र झा, जीवछ कैशियर सहित कई परिवारों के यहां चोरी होने का उल्लेख करते हुए दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की गई है.

पुलिस ने जांच जारी होने की कही बात

घोघरडीहा थानाध्यक्ष शुभम कुमार ने बताया कि थाना को औपचारिक रूप से प्राप्त चोरी की सभी सूचनाओं की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि एक ही पंचायत के कुछ वार्डों में लगातार चोरी के प्रयास की सूचना मिल रही है.

थानाध्यक्ष के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला कुछ संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और इसमें कुछ स्थानीय असामाजिक तत्वों की संलिप्तता की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता. उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने तथा आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं.

यह भी पढ़ें: ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक ने 13 अगस्त को समाहरणालय पर प्रदर्शन का किया ऐलान


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन