बालू माफिया की दबंगई, ट्रैक्टर चढ़ाकर थानाध्यक्ष और पुलिसकर्मी को किया घायल
झंझारपुर के मधेपुर में अवैध बालू लोडिंग रोकने गई पुलिस टीम पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास, थानाध्यक्ष समेत दो पुलिसकर्मी घायल, आरोपी चालक गिरफ्तार।
Madhepur News: मधेपुर थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर चालक द्वारा पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. घटना में मधेपुर थानाध्यक्ष विश्वजीत कुमार और एक पुलिसकर्मी घायल हो गए. पुलिस ने आरोपित चालक को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर जब्त कर लिया है.
अवैध बालू लोड होते देख पहुंची थी पुलिस
थानाध्यक्ष विश्वजीत कुमार ने बताया कि कोसी जोड़वा बांध पर पौनी ढलान के पास भूतही बलान नदी किनारे एक लाल रंग के ट्रैक्टर में अवैध रूप से बालू लोड किया जा रहा था. पुलिस टीम को देखते ही बालू लोड कर रहे तीन-चार युवक कुदाल लेकर मौके से फरार हो गए.
ट्रैक्टर चढ़ाने का आरोप
पुलिस के अनुसार, ट्रैक्टर चालक बालू गिराकर भागने का प्रयास कर रहा था. रोकने की कोशिश के दौरान उसने ट्रैक्टर थानाध्यक्ष की ओर मोड़ दिया. बचाव के दौरान थानाध्यक्ष का बायां पैर ट्रैक्टर के चक्के की चपेट में आ गया. वहीं ट्रैक्टर का पीछा कर रहे पुलिसकर्मी प्रिंस कुमार चौधरी भी घायल हो गए.
चालक गिरफ्तार, ट्रैक्टर और कुदाल जब्त
पुलिस बल की मदद से ट्रैक्टर चालक को मौके पर ही पकड़ लिया गया. उसकी पहचान मधेपुर थाना क्षेत्र के तरडीहा निवासी महमूद आलम के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, वह ट्रैक्टर का मालिक भी है.
ट्रैक्टर में करीब पांच से सात घनफीट बालू लदा हुआ था, जबकि कुछ बालू चालक ने मौके पर ही गिरा दिया था. पुलिस ने ट्रैक्टर, उसका चेचिस और इंजन नंबर दर्ज करते हुए एक कुदाल भी जब्त कर लिया है.
मानसून अवधि में बालू खनन पर है रोक
थानाध्यक्ष ने बताया कि जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार 15 जून से 15 अक्टूबर तक मानसून अवधि में बालू खनन पर रोक लागू है. घटना की सूचना अंचलाधिकारी और खनन पदाधिकारी को भी दे दी गई है.
पुलिस ने गिरफ्तार चालक और जब्त ट्रैक्टर के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें: पेट्रोल पंप में साझेदारी के नाम पर लाखों की ठगी, आरोपित गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By संजय कुमार
संजय कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. झंझारपुर (मधुबनी) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










