छह सूत्री मांगों को लेकर किसानों ने जयनगर-रहिका एनएच किया जाम, घंटों बाधित रहा यातायात
बेनीपट्टी के मुरैठ में चक्का जाम कर धरना पर बैठे आक्रोशित किसान
बेनीपट्टी प्रखंड के किसानों ने छह सूत्री मांगों के समर्थन में जयनगर-रहिका NH 527B को छह घंटे तक जाम रखा. सिंचाई व्यवस्था नहीं होने से नाराज किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की.
Benipatti News: बेनीपट्टी प्रखंड के मुरैठ गांव के समीप किसान संघर्ष समिति के बैनर तले दर्जनों किसानों ने छह सूत्री मांगों के समर्थन में जयनगर-रहिका एनएच 527बी को जाम कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. मंगलवार सुबह करीब 8 बजे शुरू हुआ चक्का जाम प्रशासन के आश्वासन के बाद दोपहर करीब 2 बजे समाप्त हुआ.
छह घंटे तक बाधित रहा यातायात
सड़क जाम के कारण एनएच पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. कई वाहन चालक वैकल्पिक मार्ग की तलाश में इधर-उधर भटकते रहे. राहगीरों और यात्रियों को भी अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
सिंचाई व्यवस्था नहीं होने से किसानों में नाराजगी
प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना था कि नहर के पानी का समुचित प्रबंधन नहीं होने से बेनीपट्टी और कलुआही प्रखंड के लोहा, मुरैठ, शुभंकरपुर, क्वेटा, बिजलपुरा, नरही समेत कई गांवों के सैकड़ों किसानों की फसलों की सिंचाई नहीं हो पा रही है. उनका कहना था कि सिंचाई की व्यवस्था नहीं होने से खेती प्रभावित हो रही है और किसानों के समक्ष आजीविका का संकट खड़ा हो गया है.
किसानों ने रखीं छह प्रमुख मांगें
किसानों ने कलुआही प्रखंड के लोहा पंचायत में क्वेटा-शुभंकरपुर-लोहा शाखा कोसी नहर चालू करने, मुरैठ स्थित एनएच 527बी पर पुलिया निर्माण शुरू करने, शाखा नहरों की मरम्मत कर सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने, बिजलपुरा और नरही गांव में साइफन निर्माण, शाखा नहर का लोहा और क्वेटा तक विस्तार तथा हरिपुर दक्षिण शाखा नहर चालू करने की मांग उठाई.
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो किसान संघर्ष समिति चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी.
प्रशासन के आश्वासन पर समाप्त हुआ चक्का जाम
सड़क जाम की सूचना मिलने पर बेनीपट्टी के बीडीओ महेश्वर पंडित और सीओ अभिषेक आनंद मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने किसानों से वार्ता कर उनकी मांगों पर पहल करने और समस्या के समाधान का आश्वासन दिया. इसके बाद किसानों ने दोपहर करीब 2 बजे चक्का जाम समाप्त कर दिया और यातायात सामान्य हो सका.
कई किसान रहे मौजूद
आंदोलन में दिलीप झा, पूर्व सरपंच जय मोहन झा, नीतीश मिश्रा, संतोष झा, अमरनाथ मिश्र, घुरण झा, शिवनाथ यादव, हर्षित नारायण झा, विनय कुमार, विभाष चंद्र झा, मो. साबीर, विकास कुमार, अजय मिश्रा, जय नारायण यादव, सोनू झा, ललन, सूरज कुमार, मुन्ना झा, शिवशंकर राम, मो. मोजिम, कमलकांत झा सहित अन्य किसान मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: झंझारपुर में 527 लीटर विदेशी शराब के साथ पिकअप जब्त, दो गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










