Madhubani News : उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दीप पश्चिमी की छात्र-छात्राओं ने विज्ञान नाट्य प्रतियोगिता में लहराया परचम
Published by : GAJENDRA KUMAR Updated At : 19 Oct 2025 9:57 PM
विद्यार्थियों ने प्रमंडल स्तरीय विज्ञान नाट्य प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर प्रखंड, विद्यालय एवं जिले का नाम गौरवान्वित किया है.
लखनौर. प्रखंड के उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दीप पश्चिमी के विद्यार्थियों ने प्रमंडल स्तरीय विज्ञान नाट्य प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर प्रखंड, विद्यालय एवं जिले का नाम गौरवान्वित किया है. विद्यालय की टीम में श्वेता कुमारी, प्रिया राज, साक्षी कुमारी, श्रुति कुमारी, ज्योति कुमारी, सुरज कुमार झा, आयुष चौधरी एवं कृष्ण कुमार राय ने सक्रिय भागीदारी निभाई. सर्वश्रेष्ठ निर्देशन एवं पटकथा लेखन के लिए विद्यालय की शिक्षिका रूकैया एवं मधु कुमारी को भी द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया. यह प्रतियोगिता शनिवार को रामनंदन मिश्र राजकीय बालिका उच्च विद्यालय, कैंपस लहेरियासराय (दरभंगा) में आयोजित हुई. कार्यक्रम का शुभारंभ दरभंगा प्रमंडल के क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक मो. असगर अली ने दीप जलाकर किया. निर्णायक मंडल में डॉ. वेद प्रकाश, डॉ. विजय कुमार एवं डॉ. राम बुझावन यादव शामिल थे. प्रतियोगिता में प्रमंडल के विभिन्न जिलों से चयनित विद्यालयों ने भाग लिया. विद्यालय के प्रधानाध्यापक अनिल कुमार मिश्रा ने इस उपलब्धि पर छात्र-छात्राओं एवं मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यालय के परिश्रमी विद्यार्थियों, शिक्षकों और सामूहिक सहयोग का परिणाम है. यह हमारे विद्यालय के लिए गर्व का क्षण है. इस अवसर पर मधुबनी जिला समन्वयक एवं मध्य विद्यालय भौआरा के एचएम उमेश कुमार, विद्यालय परिवार, स्थानीय अभिभावक तथा गणमान्य व्यक्तियों ने पूरी टीम को बधाई दी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










