भारत-नेपाल सीमा पर SSB और बिहार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध हथियारों के साथ युवक गिरफ्तार

भारत-नेपाल सीमा पर SSB और बिहार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध हथियारों के साथ युवक गिरफ्तार
भारत-नेपाल सीमा पर अवैध हथियारों की तस्करी को रोकने के लिए चलाए गए अभियान में एसएसबी और बिहार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. जयनगर के पास नाकाबंदी के दौरान एक युवक को दो अवैध हथियारों, जिंदा कारतूसों और एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया है.
SSB Action: भारत-नेपाल सीमा पर अवैध हथियारों की तस्करी और अपराध पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और बिहार पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है. जयनगर के कमला पुल के पास नाकाबंदी के दौरान एक भारतीय युवक को गिरफ्तार किया गया. उसके पास से दो अवैध हथियार, चार जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है. पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है.
गुप्त सूचना पर कमला पुल के पास की गई नाकाबंदी
एसएसबी की सीमा चौकी बेतौन्हा को गुप्त सूचना मिली थी कि अवैध हथियार लेकर एक व्यक्ति सीमा क्षेत्र से गुजरने वाला है. सूचना के आधार पर 48वीं वाहिनी की एफ समवाय कमला, सीमा चौकी बेतौन्हा और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई. इसके बाद कमला पुल के समीप विशेष नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की गई.
तलाशी में मिला देशी कट्टा, पिस्टल और कारतूस
देर शाम एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा. संयुक्त टीम ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके पास से एक देशी कट्टा, एक देशी पिस्टल, 7.65 एमएम के चार जिंदा कारतूस और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हीरो पैशन प्रो प्लस मोटरसाइकिल बरामद हुई.
मुंगेर से हथियार मिलने की बात कबूली
पूछताछ के दौरान आरोपी बरामद हथियारों और कारतूसों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका. प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि ये हथियार बिहार के मुंगेर क्षेत्र के एक अज्ञात व्यक्ति से प्राप्त किए गए थे. पुलिस अब हथियार सप्लाई नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है.
सीमा क्षेत्र में अभियान रहेगा जारी
एसएसबी के कमांडेंट ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध हथियारों की तस्करी, अपराध और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों को रोकने के लिए बिहार पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर लगातार आसूचना आधारित अभियान चलाया जा रहा है. भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी.
यह भी पढ़ें: टीबी के खिलाफ मिशन मोड में मधुबनी, डीएम बोले- हर संदिग्ध मरीज का कराएं नाट टेस्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










