Madhubani News: कार से हो रही थी गांजा की तस्करी 45 लाख के गांजा के साथ एक तस्कर
Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 20 May 2026 5:35 PM
कार से हो रही थी गांजा की तस्करी
Madhubani News:मधुबनी के भैरवस्थान थाना पुलिस ने कार से तस्करी कर ले जाए जा रहे 45 लाख रुपए के 83 किलो गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. पुलिस फरार दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. पढ़ें पूरी खबर…
Madhubani News:मधुबनी जिला के झंझारपुर के भैरवस्थान थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. पुलिस ने करीब 45 लाख रुपए मूल्य के 83 किलो गांजा के साथ एक अंतरजिला तस्कर को गिरफ्तार किया है. हालांकि, पुलिस को चकमा देकर एक अन्य आरोपी अंधेरे और घनी झाड़ियों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा. पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक काले रंग की कार और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं.
पुलिस को देख तेज रफ्तार में कार भगाने लगा चालक
भैरवस्थान पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तस्कर एक कार में भारी मात्रा में गांजा लादकर लौकही से सकरी की ओर जा रहे हैं. सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम ने तत्काल नरुआर पुल के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया. इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध काले रंग की कार आती दिखी. पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी और तेजी से भागने लगा.
खदेड़कर पुलिस ने दबोचा, तलाशी में बरामद हुआ 83 किलो गांजा
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए तस्करों का पीछा किया.विदेश्वर मंदिर कट के पास कार रुकते ही उसमें सवार दो लोग उतरकर भागने लगे. पुलिस ने बल प्रयोग कर एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि दूसरा आरोपी भाग निकला. बाद में दंडाधिकारी की मौजूदगी में जब कार की बारीकी से तलाशी ली गई, तो उसमें से कुल 83 किलो गांजा बरामद हुआ.
45 लाख के गांजा के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपी की पहचान लौकही थाना क्षेत्र के झहुरी गांव निवासी 27 वर्षीय संतोष कुमार राय के रूप में हुई है.थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि फरार आरोपी की पहचान संतोष कुमार ठाकुर के रूप में हुई है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. गश्ती अधिकारी रिचा कुमारी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. एसडीपीओ सुबोध कुमार सिंह ने बताया कि इसी महीने 8 मई को भी भैरवस्थान पुलिस ने 144 किलो गांजा जब्त किया था.
झंझारपुर से संजय कर्ण की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










