Madhubani News: किताबों की जगह निकला हथियार! 14 वर्षीय नाबालिग के स्कूल बैग से देशी कट्टा बरामद
Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 18 May 2026 7:14 PM
स्कूल बैग से किताबों की जगह निकला हथियार
Madhubani News:मधेपुर में पुलिस ने एक घर में छापेमारी कर 14 वर्षीय नाबालिग के स्कूल बैग से देशी कट्टा बरामद किया है. पिता की मारपीट की शिकायत की जांच करने पहुंची पुलिस के सामने ग्रामीणों ने इस बड़े राज का पर्दाफाश किया.पढे़ं पूरी खबर…
Madhubani News:मधुबनी जिला के मधेपुर थाना क्षेत्र से एक ऐसा चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. जिस उम्र में बच्चों के हाथों में कलम और स्कूल बैग में किताबें होनी चाहिए, वहां एक 14 वर्षीय नाबालिग के बस्ते से देशी कट्टा बरामद हुआ है. मधेपुर थाना पुलिस ने सोमवार को एक गांव में छापेमारी कर इस विधि विरुद्ध बालक को हिरासत में ले लिया है. पुलिस ने उसके पास से कट्टा जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
पिता की शिकायत की जांच करने पहुंची थी पुलिस, खुल गया बड़ा राज
इस अजीबोगरीब मामले की शुरुआत तब हुई जब नाबालिग के पिता ने मधेपुर थाने में एक आवेदन दिया. पिता का आरोप था कि गांव के ही कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की है. इस शिकायत का भौतिक सत्यापन करने के लिए जब मधेपुर थाने की पुलिस टीम गांव पहुंची, तो कहानी में एक नया और बेहद खतरनाक ट्विस्ट आ गया. ग्रामीणों ने पुलिस को देखते ही बताया कि मारपीट की वजह कुछ और है. ग्रामीणों का आरोप था कि यह नाबालिग लड़का गांव में घूम-घूमकर लोगों को कट्टा दिखाता है और उन्हें डराता-धमकाता रहता है.
बस्ते से निकला कट्टा
ग्रामीणों से मिली इस इनपुट के बाद मधेपुर थाना की महिला पुलिस अधिकारी राखी कुमारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम ने तुरंत एक्शन लिया. पुलिस बल के साथ टीम ने जब नाबालिग के घर पर दबिश दी और उसके कमरे की तलाशी शुरू की, तो सब दंग रह गए. कोने में रखे उसके स्कूल बैग को जब खोला गया, तो किताबों के बीच छिपाकर रखा गया एक देशी कट्टा बरामद हुआ. पुलिस ने तुरंत हथियार को अपने कब्जे में ले लिया और नाबालिग को हिरासत में ले लिया.
बाल न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई
मधेपुर थाना प्रभारी शालिनी कुमारी ने बताया कि विधि विरुद्ध बालक को बाल न्याय अधिनियम के तहत हिरासत में लिया गया है. पुलिस अब इस बात की गहनता से तफ्तीश कर रही है कि आखिर महज 14 साल के इस बच्चे के पास यह अवैध हथियार कहां से आया, इसे किसने सप्लाई किया और इसका असली मकसद क्या था. पुलिस मामले में संलिप्त अन्य संदिग्धों की भी सरगर्मी से तलाश कर रही है.
मधुबनी से रमण कुमार मिश्र की खबर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










