मधुबनी: पटरी पर फंसी बाइक को घसीटते ले गई इंटरसिटी एक्सप्रेस, बाल-बाल बचे सवार
Published by : सुनील कुमार सिंह Updated At : 21 May 2026 2:10 PM
पटरी पर रेल इंजन में फंसी बाइक
Madhubani News: राजनगर-खजौली के बीच बंद गुमटी पार करते समय पटरी पर फंसी बाइक जयनगर-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस के इंजन में फंस गई. चालक के भागने से जान बची. यात्रियों और रेलकर्मियों ने बाइक निकालकर परिचालन शुरू कराया. जानिये पूरी खबर…
Madhubani News: राजनगर और खजौली रेलवे स्टेशन के बीच एक बड़ा रेल हादसा होने से बाल-बाल बच गया. बंद रेलवे गुमटी (लेवल क्रॉसिंग) को अवैध रूप से पार करने के चक्कर में एक मोटरसाइकिल ट्रैक के बीचों-बीच फंस गई. इसी दौरान जयनगर से पटना जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस वहां पहुंच गई. गनीमत रही कि ट्रेन को आता देख बाइक सवार समय रहते गाड़ी छोड़कर भाग निकला, जिससे उसकी जान बच गई.
इंजन में फंसी बाइक, मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जयनगर से पटना जाने वाली डाउन इंटरसिटी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 15549) तेज रफ्तार में खजौली की ओर बढ़ रही थी. इसी बीच बंद गुमटी को पार कर रहा बाइक सवार ट्रैक पर अपनी गाड़ी फंसा बैठा. ट्रेन को बिल्कुल नजदीक पाकर युवक बाइक वहीं छोड़ दूर कूद गया. इसके बाद ट्रेन बाइक को रौंदते हुए आगे बढ़ गई, जिससे मोटरसाइकिल ट्रेन के इंजन के निचले हिस्से में बुरी तरह फंस गई. तेज आवाज के साथ हुए इस हादसे के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई.
यात्रियों और रेलकर्मियों ने मिलकर निकाला मलबा
इंजन में बाइक फंस जाने के कारण ट्रेन के पहिए वहीं थम गए और कुछ समय के लिए इस रूट पर ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह बाधित हो गया. इसके बाद ट्रेन के चालक, गार्ड और रेलवे कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाई. ट्रेन में सवार यात्री भी उनकी मदद के लिए आगे आए. सभी ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद इंजन के नीचे फंसी क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को बाहर निकाला.
जांच में जुटी रेलवे पुलिस, आरोपी की तलाश
ट्रैक से बाइक के मलबे को पूरी तरह हटाए जाने और इंजन की तकनीकी जांच के बाद ही ट्रेन परिचालन दोबारा बहाल हो सका. रेलवे प्रशासन ने घटना की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. रेलवे पुलिस (आरपीएफ) गुमटी के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुट गई है.
मधुबनी से रमण कुमार मिश्रा की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










