मधुबनी: डाक विभाग में 70 से ज्यादा पद खाली, समय पर पार्सल न मिलने से उपभोक्ता परेशान

मधुबनी डाकघर
Madhubani News: जिले में 70 से अधिक डाक वितरकों के पद खाली होने से पार्सल सेवा चरमरा गई है. रोजाना आने वाले 9 हजार पार्सलों का समय पर वितरण न होने से उपभोक्ता परेशान हैं.पढ़ें पूरी खबर…
Madhubani News: प्रधान डाकघर सहित जिले के 323 सहायक शाखा डाकघरों से लोगों को समय पर पार्सल नहीं मिल पा रहा है. इसके कारण स्थानीय लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. आवश्यक कागजात और पार्सल समय से नहीं पहुंचने के कारण उपभोक्ताओं में डाक विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भारी नाराजगी है.
डाक वितरकों की भारी कमी के कारण प्रभावित हो रही है सेवा
डाक विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, मधुबनी डिवीजन के अधीन 323 सहायक शाखा डाकघरों में डाक वितरकों (डाकिया) की भारी कमी हो गई है. वर्तमान में इन 323 शाखा डाकघरों में महज 280 डाक वितरक ही कार्यरत हैं. वहीं, 39 उप डाकघरों में भी सिर्फ 25 डाक वितरक उपलब्ध हैं. जिले में रोजाना बाहर से लगभग 9 हजार पार्सल आते हैं, जिनमें ड्राइविंग लाइसेंस, बैंक पासबुक, चेक बुक, सीओडी और वीपीपी पार्सल शामिल हैं. स्टाफ की कमी से इनका ससमय वितरण नहीं हो पा रहा है.
15 दिनों से फंसा है ड्राइविंग लाइसेंस, जुर्माने के डर से नहीं निकल रहे लोग
सतलखा निवासी उपभोक्ता कल्याण कुमार ने बताया कि उनका ड्राइविंग लाइसेंस 15 दिन पहले ही बुक हो चुका है, लेकिन अब तक नहीं मिला. लाइसेंस न होने से वे जुर्माने के डर से गाड़ी नहीं निकाल पा रहे हैं. वहीं जितवारपुर के विजय झा ने कहा कि समय पर चेक बुक नहीं मिलने से उनका बैंकिंग कार्य बाधित है.
डाक अधीक्षक बोले- 70 पद खाली, बैंक और अन्य विभाग भी नहीं देते पूरा पता
मामले पर प्रधान डाकघर के डाक अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि मधुबनी डिवीजन में 70 से ज्यादा डाक वितरकों के पद खाली हैं, जिन्हें भरने के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. उन्होंने देरी का एक और कारण बताते हुए कहा कि कई विभाग बुकिंग का मैसेज उपभोक्ताओं को पहले भेज देते हैं, लेकिन पार्सल 10 दिन बाद डाक विभाग को सौंपते हैं. इसके अलावा, बैंक अक्सर पार्सल पर पूरा पता और मोबाइल नंबर नहीं लिखते, जिससे डिलीवरी में समय लगता है.
मधुबनी से के के पुट्टी की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










