Madhubani News: मधुबनी डाकघर गबन 8.11 लाख की धोखाधड़ी में विभागीय जांच रिपोर्ट पुलिस को सौंपी, आरोपी फरार

मधुबनी डाकघर
Madhubani News:मधुबनी मुख्य डाकघर में आरडी खाताधारक के 8.11 लाख रुपये गबन मामले में विभाग ने पुलिस को जांच रिपोर्ट सौंप दी है. जालसाजों ने व्हाइटनर और फर्जीवाड़े के जरिए पैसे उड़ाए. पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है...
Madhubani News:मधुबनी जिले के मुख्य डाकघर में आरडी खाताधारक के साथ हुई लाखों की धोखाधड़ी मामले में डाक विभाग ने अपनी जांच रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी है. रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है. हालांकि, मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जबकि पीड़ित मो. तसलीम अपनी मेहनत की कमाई वापस पाने के लिए दफ्तरों के चक्कर काट रहा है.
व्हाइटनर लगाकर किया गया खेल
डाक अधीक्षक संतोष कुमार के अनुसार, जांच में यह पाया गया कि पीड़ित के पैसे निकालने के लिए कई स्तरों पर जालसाजी की गई. कर्मियों की मिलीभगत से मो. तसलीम के नाम का एक दूसरा फर्जी खाता खोला गया. एनईएफटी (NEFT) और आरटीजीएस फॉर्म पर हस्ताक्षर की जगह व्हाइटनर लगाकर छेड़छाड़ की गई थी. इतना ही नहीं, बैंक रिकॉर्ड से पीड़ित का मोबाइल नंबर हटाकर दूसरा नंबर दर्ज कर दिया गया था ताकि उसे ट्रांजेक्शन की सूचना न मिले.
एजेंट के खाते में ट्रांसफर हुए 8.11 लाख
मामला तब खुला जब पता चला कि तसलीम की जमा पूंजी से 8 लाख 11 हजार 400 रुपये अवैध रूप से एजेंट साहिल सुमन के खाते में ट्रांसफर कर दिए गए. इसके बाद यह रकम पीएनबी (PNB) के एक खाते में भेज दी गई. इस धांधली में डाक विभाग के तीन कर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई है, जिनसे पूर्व में पूछताछ भी की जा चुकी है.
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी के आदेश
सदर डीएसपी अमित कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के आदेश जारी किए हैं. नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं, लेकिन उनकी धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.
मधुबनी से रमण कुमार की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










