मधुबनी: अनावश्यक रेफरल पर सिविल सर्जन सख्त, सभी अस्पतालों को जारी किए निर्देश

माडल सदर अस्पताल
सिविल सर्जन डॉ. हरेंद्र कुमार ने अनावश्यक रेफरल रोकने के लिए सख्त कदम उठाए हैं. मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज मिले, यह सुनिश्चित किया जाएगा. रात्रिकालीन इमरजेंसी सेवाओं को भी मजबूत किया जाएगा.
Madhubani News: सिविल सर्जन डॉ. हरेंद्र कुमार ने अनावश्यक रेफरल की संख्या कम करने तथा जिला स्तर पर उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के लिए सदर अस्पताल सहित सभी स्वास्थ्य संस्थानों को सख्त निर्देश जारी किए हैं. उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर इलाज स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध कराया जाए और बिना आवश्यकता उन्हें रेफर नहीं किया जाए.
अनावश्यक रेफरल रोकने के दिए निर्देश
सिविल सर्जन ने सदर अस्पताल के उपाधीक्षक को निर्देश दिया कि अस्पताल में कार्यरत सभी चिकित्सकों और पारा मेडिकल कर्मियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया जाए कि मरीजों को बिना उचित कारण रेफर नहीं किया जाए. इस संबंध में की गई कार्रवाई की जानकारी 24 घंटे के भीतर सिविल सर्जन कार्यालय को उपलब्ध कराने का भी आदेश दिया गया है.
रात्रिकालीन इमरजेंसी सेवा होगी मजबूत
सीएस ने आपातकालीन सेवाओं, विशेषकर रात्रिकालीन इमरजेंसी में जनरल सर्जन और स्त्री रोग विशेषज्ञ की नियमित ड्यूटी लगाने का निर्देश दिया है. आवश्यकता पड़ने पर अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों की ऑन कॉल उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा गया है, ताकि गंभीर मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके.
सभी अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का आदेश
सिविल सर्जन ने सदर अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल झंझारपुर, फुलपरास, जयनगर, बेनीपट्टी सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रेफरल अस्पताल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारियों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति और ओपीडी संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी.
डीएम के निर्देश के बाद जारी हुआ आदेश
सिविल सर्जन ने बताया कि यह निर्देश जिलाधिकारी आनंद शर्मा द्वारा स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में जारी किया गया है. डीएम ने अनावश्यक रेफरल कम करने और इमरजेंसी की नाइट शिफ्ट में कम से कम दो चिकित्सकों, जिनमें एक विशेषज्ञ चिकित्सक हो, की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










