मधुबनी में बिजली चोरों की अब खैर नहीं: ट्रांसफार्मर पर लगेंगे मीटर, विभाग ने शुरू किया काम

Published by :Aaruni Thakur
Published at :11 May 2026 4:29 PM (IST)
विज्ञापन
madhubani-news-electricity-department-installing-meters-on-transformers-stop-power-theft

ट्रांसफार्मर की तस्वीर

Madhubani News: मधुबनी में बिजली चोरी रोकने के लिए विभाग अब ट्रांसफार्मर में मीटर लगा रहा है. पहले चरण में शहर के 400 ट्रांसफार्मर कवर होंगे. कार्यपालक अभियंता मो. अरमान के अनुसार, इससे खपत और राजस्व के अंतर का पता लगाकर चोरों पर नकेल कसी जाएगी. पढ़ें पूरी खबर...

विज्ञापन

Madhubani News: जिले में बिजली चोरी पर लगाम लगाने और राजस्व घाटे को कम करने के लिए बिजली विभाग ने एक बड़ी योजना पर काम शुरू कर दिया है. अब शहरी क्षेत्रों में लगे सभी घरेलू ट्रांसफार्मर में मीटर लगाए जा रहे हैं. इस पहल का उद्देश्य यह पता लगाना है कि एक ट्रांसफार्मर से कितनी बिजली की आपूर्ति हो रही है और उसके मुकाबले कितना राजस्व प्राप्त हो रहा है. सोमवार को कोशी फीडर से इस अभियान की शुरुआत की गई.

राजस्व घाटे को पाटने की तैयारी

बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता मो. अरमान ने बताया कि जितनी बिजली की खपत हो रही है, उसके अनुपात में विभाग को राजस्व प्राप्त नहीं हो रहा है. उपभोक्ता जितनी बिजली इस्तेमाल कर रहे हैं, उसका पूरा बिलिंग रिकॉर्ड और भुगतान विभाग को नहीं मिल पा रहा है. इसका सीधा मतलब है कि बड़े पैमाने पर बिजली की चोरी हो रही है. अब ट्रांसफार्मर पर मीटर लगने से यह स्पष्ट हो जाएगा कि किस क्षेत्र में कितनी बिजली चोरी हो रही है और दोषी उपभोक्ताओं को पकड़ना आसान होगा.

चार एजेंसियां मिलकर लगाएंगी मीटर

पहले चरण के तहत मधुबनी शहरी क्षेत्र के करीब 400 ट्रांसफार्मर में मीटर लगाने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए विभाग ने चार प्रमुख एजेंसियों—हाई प्रिंट, ईडीएफ, जीनस और सेक्योर के साथ अनुबंध किया है. सोमवार को कोशी फीडर में काम चलने के कारण करीब सात घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही. आने वाले दिनों में अन्य फीडरों में भी इसी तरह चरणबद्ध तरीके से काम पूरा किया जाएगा.

उड़न दस्ता टीम रखेगी नजर

कार्यपालक अभियंता ने चेतावनी दी है कि मीटरिंग के साथ-साथ अब विशेष ‘उड़न दस्ता टीम’ भी बनाई जा रही है. यह टीम संदिग्ध इलाकों में औचक छापेमारी करेगी. विभाग का दावा है कि अगले कुछ महीनों में तकनीक और सख्त निगरानी के जरिए बिजली चोरी पर पूरी तरह नकेल कस दी जाएगी. इससे ईमानदार उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली सेवा मिलेगी और राजस्व में भी सुधार होगा.

मधुबनी से के के पुट्टी की रिपोर्ट

विज्ञापन
Aaruni Thakur

लेखक के बारे में

By Aaruni Thakur

Aaruni Thakur is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन