Madhubani News: रूट तोड़ने वाले ई-रिक्शा जब्त, चालकों ने जाम किया सड़क

सड़क जाम करते ई-रिक्शा चालक
Madhubani News: मधुबनी में परिवहन विभाग ने निर्धारित रूट से बाहर चल रहे ई-रिक्शा और ऑटो पर कार्रवाई की. बड़ी संख्या में वाहन जब्त किए गए. विरोध में चालकों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया, जबकि प्रशासन ने नियम पालन की चेतावनी दी है. पढे़ं पूरी खबर…
मधुबनी से नागेंद्र नाथ झा की रिपोर्ट
Madhubani News: मधुबनी में ई-रिक्शा और ऑटो के निर्धारित रूट को लेकर प्रशासन की सख्ती अब जमीन पर दिखने लगी है. परिवहन विभाग ने शुक्रवार को विशेष जांच अभियान चलाकर उन वाहनों पर कार्रवाई की, जो तय रूट को छोड़कर दूसरे मार्गों पर संचालित हो रहे थे. इस कार्रवाई के बाद शहर में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति भी बनी रही.
परिवहन विभाग ने चलाया विशेष अभियान
शुक्रवार को जिला परिवहन विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में जांच अभियान चलाया. इस दौरान बड़ी संख्या में ऐसे ई-रिक्शा और ऑटो पकड़े गए, जो निर्धारित रूट का पालन नहीं कर रहे थे. अधिकारियों का कहना है कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और रूट प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए यह कार्रवाई की गई है.
कार्रवाई के विरोध में सड़क जाम
वाहनों की जब्ती से नाराज ई-रिक्शा चालकों ने समाहरणालय के सामने मुख्य सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया. कुछ समय के लिए सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित हुआ. हालांकि, सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और चालकों को समझाकर जाम समाप्त कराया गया. इसके बाद स्थिति सामान्य हो गई.
विभाग ने दी नियम पालन की चेतावनी
जिला परिवहन पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि फिलहाल केवल उन वाहनों को पकड़ा गया है, जो अपने निर्धारित रूट से बाहर चल रहे थे. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में भी नियमों की अनदेखी की गई तो वाहन चालकों पर जुर्माना और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
चालकों ने बताई अपनी परेशानी
वहीं ई-रिक्शा और ऑटो चालकों का कहना है कि निर्धारित रूट पर पर्याप्त सवारी नहीं मिलती, जिससे उनकी आमदनी प्रभावित होती है. उनका कहना है कि वाहन की किस्त, घर-परिवार का खर्च और अन्य जिम्मेदारियां निभाने के लिए उन्हें अधिक यात्रियों वाले मार्गों पर जाना पड़ता है. चालकों ने प्रशासन से इस व्यवस्था की समीक्षा करने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अनिकेत कुमार
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










