Madhubani News: स्विफ्ट कार से 144 किलो गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

गांजा के साथ गिरफ्तार दो तस्कर
Madhubani News: मधुबनी के भैरवस्थान थाना पुलिस ने NH 27 पर छापेमारी कर 144 किलो गांजा बरामद किया है. स्विफ्ट कार से तस्करी कर रहे सुपौल के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस अब तस्करों के पूरे नेटवर्क और कॉल डिटेल्स की जांच कर रही है. पढे़ं पूरी खबर…
Madhubani News: नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत झंझारपुर के भैरवस्थान थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने एनएच 27 पर घेराबंदी कर एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार से 144.85 किलोग्राम गांजा बरामद किया है. इस मामले में पुलिस ने सुपौल जिले के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान रंजीत कुमार और मनीष कुमार के रूप में हुई है.
NH 27 पर फिल्मी स्टाइल में घेराबंदी
थानाध्यक्ष सत्येंद्र तिवारी को गुप्त सूचना मिली थी कि सरसोंपही कट के रास्ते गांजे की बड़ी खेप ले जाई जा रही है. त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने एनएच पर निगरानी शुरू की. जैसे ही संदिग्ध कार पहुंची, उसे रोककर तलाशी ली गई. कार की डिक्की और सीटों के नीचे चतुराई से छिपाकर रखे गए पैकेटों में गांजा भरा हुआ था.
झारखंड से जुड़ा है नेटवर्क
गिरफ्तार तस्करों ने कबूल किया है कि वे यह खेप झारखंड से लाकर मधुबनी और दरभंगा के इलाकों में सप्लाई करने वाले थे. पुलिस ने गांजे के साथ कार, दो मोबाइल और नकदी भी जब्त की है. एसडीपीओ सुबोध कुमार सिन्हा ने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जा रही है. फिलहाल आरोपियों के कॉल डिटेल खंगाले जा रहे हैं ताकि पूरे सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया जा सके.
झंझारपुर (मधुबनी) से संजय कर्ण की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अनिकेत कुमार
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










