Madhubani News: 10 मिनट के तूफान में तहस-नहस हुआ महायज्ञ स्थल, लाखों की क्षति
तबाही के बाद की तस्वीर
Madhubani News: मधुबनी के बाबूबरही में आंधी-तूफान ने श्री मारुति नंदन महायज्ञ स्थल पर भारी तबाही मचाई है. भटगामा के नवटोली में रासलीला मंच और झूला गिर जाने से लाखों का नुकसान हुआ है. बाल-बाल बचे श्रद्धालु और आयोजन समिति के लोग. जानिए खबर विस्तार से…
Madhubani News: जिले के बाबूबरही प्रखंड अंतर्गत भटगामा पंचायत के नवटोली गांव में चल रहे नौ दिवसीय श्री मारुति नंदन महायज्ञ में प्रकृति का कहर टूटा है. सोमवार संध्या समय आए भीषण आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने यज्ञ स्थल पर भारी तबाही मचाई है.
मंच ध्वस्त, झूला गिरकर हुआ क्षतिग्रस्त
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, सोमवार शाम करीब 5 बजे अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई. आंधी इतनी जोरदार थी कि सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए बनाया गया विशाल रासलीला मंच ताश के पत्तों की तरह ढह गया. टेंट और बांस-बल्लियां चारों ओर बिखर गईं. इतना ही नहीं, बच्चों के मनोरंजन के लिए लगाया गया भारी-भरकम झूला भी हवा के झोंकों को बर्दाश्त नहीं कर सका और टूटकर नीचे गिर गया.
लाखों का नुकसान, टला बड़ा हादसा
यज्ञ समिति के सदस्यों ने बताया कि नौ दिवसीय महायज्ञ का सोमवार को सातवां दिन था. शाम को रासलीला का मंचन होना था, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना थी. आयोजन से जुड़ी लाखों रुपये की सामग्री बर्बाद हो गई है. राहत की बात यह रही कि जिस समय आंधी आई, उस वक्त पंडाल के नीचे भीड़ कम थी, अन्यथा कई लोग हताहत हो सकते थे. फिलहाल समिति के सदस्य और ग्रामीण क्षतिग्रस्त स्थल को फिर से व्यवस्थित करने में जुटे हैं.
मधुबनी के बाबूबरही से अवनीश कुमार कर्ण की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










