DM ने सुनीं लोगों की शिकायतें, अधिकारियों को त्वरित समाधान के दिए निर्देश
लोगों की समस्या सुनते डीएम | Prabhat Khabar Network
मधुबनी के जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने 'सबका सम्मान–जीवन आसान' कार्यक्रम में आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं. भूमि विवाद, नल-जल योजना, अतिक्रमण सहित विभिन्न शिकायतों पर त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
Madhubani News: मधुबनी में जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने मंगलवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में 'सेवा-संवाद-समाधान' अनुश्रवण प्रणाली के तहत आयोजित 'सबका सम्मान–जीवन आसान' कार्यक्रम में आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं. इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को सभी शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. कार्यक्रम में भूमि विवाद, अतिक्रमण, नल-जल योजना, बासगीत पर्चा और ग्राम रक्षा दल प्रशिक्षण समेत कई मामलों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए.
जिलेभर से पहुंचे लोग, रखीं अपनी समस्याएं
कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराना और प्रशासन व जनता के बीच संवाद को मजबूत बनाना है.
इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से पहुंचे लोगों ने अपनी शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं.
भूमि विवाद और नल-जल योजना से जुड़े मामले पहुंचे
राजनगर प्रखंड के गोसाई टोल निवासी रंजीत यादव ने निजी भूमि पर अतिक्रमण और रास्ता बंद किए जाने की शिकायत की. वहीं बेनीपट्टी प्रखंड के पाली निवासी नजमून निशा ने नल-जल योजना के भूमि दाता के छोटे पुत्र शेख मोहम्मद मोती आलम को अनुरक्षक के रूप में प्राथमिकता देने का अनुरोध किया.
घोघरडीहा निवासी छेदी कामत ने बासगीत पर्चा की भूमि और उस पर बने आवास पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई. वहीं भेजा थाना क्षेत्र के दीपक कुमार मंडल ने भूमि विवाद को लेकर जान से मारने की धमकी मिलने की जानकारी दी.
ग्राम रक्षा दल के सदस्यों ने भी सौंपा आवेदन
कार्यक्रम में ग्राम रक्षा दल के सदस्यों ने आगामी 30 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल किए जाने की मांग को लेकर आवेदन सौंपा. इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी भी अपने-अपने कार्यालयों में मौजूद रहे और प्राप्त आवेदनों पर कार्रवाई शुरू की.
RTMS 'सहयोग' पोर्टल पर भी कर सकते हैं शिकायत
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि प्रशासन नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर 'सहयोग शिविर' आयोजित किए जाते हैं.
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी शिकायतों के समाधान के लिए RTMS 'सहयोग' पोर्टल पर घर बैठे ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं. इस पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने के बाद निर्धारित समय सीमा में उसका निष्पादन किया जाता है.
यह भी पढ़ें: DM-SP के साथ काम करने का सुनहरा मौका, 'Officer for a Day' कार्यक्रम के लिए आवेदन शुरू
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










