Good News: क्या आपके पास राशन कार्ड नहीं है? अब तेजी से बनेगा, DM ने BSO की छुट्टी पर लगाई रोक

मधुबनी डीएम आनंद शर्मा, इनसेट में राशन कार्ड
मधुबनी जिले में मिशन मोड में नए राशन कार्ड बनाने का अभियान शुरू हो गया है. जिलाधिकारी ने 13 अगस्त तक 60,994 कार्ड बनाने का लक्ष्य रखा है. वंचितों के लिए विशेष अभियान चलेगा.
Madhubani New Ration Card: मधुबनी जिले में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत नए राशन कार्ड बनाने का अभियान मिशन मोड में चलाया जाएगा. जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को निर्देश दिया कि 13 अगस्त तक हर हाल में 60,994 नए राशन कार्ड बनाकर लक्ष्य पूरा किया जाए. इस दौरान उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि राशन कार्ड निर्माण कार्य पूरा होने तक सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों (BSO) का आकस्मिक अवकाश स्थगित रहेगा.
13 अगस्त तक पूरा करना होगा लक्ष्य
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक प्रखंड को निर्धारित दैनिक लक्ष्य के अनुसार काम करना होगा. सभी प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र परिवारों को जल्द से जल्द खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ मिल सके.
महादलित टोला में चलेगा विशेष अभियान
बैठक में निर्देश दिया गया कि महादलित टोला और अन्य वंचित बस्तियों में विशेष अभियान चलाकर ऐसे पात्र परिवारों की पहचान की जाए, जिनके पास अभी तक राशन कार्ड नहीं है. उन्हें आवेदन कराने में हर संभव सहायता दी जाए.
CSC और वसुधा केंद्रों की भी ली जाएगी मदद
डीएम ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे स्थानीय वसुधा केंद्र और कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) संचालकों के साथ बैठक कर अधिक से अधिक पात्र लोगों के आवेदन सुनिश्चित करें.
दस्तावेजों की जांच के बाद होगा त्वरित निष्पादन
उन्होंने कहा कि आवेदन के समय जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि आवेदन लंबित न रहें और जल्द से जल्द स्वीकृत किए जा सकें.
रोज शाम 5 बजे देनी होगी रिपोर्ट
डीएम ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे प्रतिदिन शाम 5 बजे तक प्रगति रिपोर्ट जिला आपूर्ति पदाधिकारी को भेजें. जनप्रतिनिधियों और जन वितरण प्रणाली (PDS) दुकानदारों के सहयोग से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का भी निर्देश दिया गया.
आकस्मिक अवकाश पर रोक
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि राशन कार्ड निर्माण का लक्ष्य पूरा होने तक सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों का आकस्मिक अवकाश स्थगित रहेगा. केवल अपरिहार्य परिस्थितियों में सक्षम प्राधिकारी की अनुमति से ही अवकाश दिया जाएगा.
यह भी पढ़ें: एक दिन में तीन लोग लापता, महिला दो बच्चों संग गायब, विवाहिता और छात्रा भी नहीं लौटी; पुलिस ने बनाई टीम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










