हल्की बारिश में सड़कों पर जमा पानी
Updated at : 15 Sep 2025 6:29 PM (IST)
विज्ञापन

हल्की बारिश में सड़कों पर जमा पानी
विज्ञापन
मुरलीगंज.
नगर पंचायत क्षेत्र के मुख्य बाजार (गोल बाजार) से जुड़ने वाली सभी सड़कों पर हल्की बारिश के बाद ही जलजमाव की समस्या हो जाती है. बीते 15 वर्षों में बार-बार नाला तोड़कर नये सिरे से निर्माण व मरम्मत कार्य पर करोड़ों रुपये खर्च किये गये, लेकिन आज भी शहरवासी जल निकासी की समस्या से जूझ रहे हैं. रविवार को हुई हल्की बारिश के बाद महावीर चौक, हरिद्वार चौक, मिडिल चौक समेत वार्ड संख्या सात व नौ की गलियों में पानी भर गया. छोटे वाहनों व पैदल यात्रियों को आवागमन में कठिनाई हुई. वाहन गुजरने पर पानी के छींटे राहगीरों को भिगोते रहे. शहर के कई हिस्सों में नाले सड़कों से एक से डेढ़ फीट ऊंचे बनाये गये हैं. इसके कारण पानी बीच सड़क पर ही फंसा रहता है. महावीर चौक से हरिद्वार चौक और मिडिल चौक जाने वाली सड़कों की स्थिति बदतर है. नगर पंचायत क्षेत्र के 15 वार्डों में सफाई का जिम्मा नंदनी वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के पास है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि एजेंसी के सफाईकर्मी केवल झाड़ू लगाने व कचरा उठाने तक सीमित रहते हैं. नालों की सफाई सही ढंग से नहीं होने के कारण हल्की बारिश में ही गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर फैल जाता है. पूर्व पार्षद व चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव बाबा दिनेश मिश्रा ने कहा कि नाला निर्माण के दौरान न तो गुणवत्ता का ख्याल रखा जाता है और न ही शहर के लेवल का. कहीं नाले सड़क से कई फीट ऊंचे हैं, तो कहीं पुराने नालों से जुड़ाव ही नहीं है. पूरा खेल केवल लूट का है. इसके लिए तत्कालीन कार्यपालक व कनीय अभियंता जिम्मेदार हैं, उन्होंने आरोप लगाया. स्थानीय लोगों का कहना है कि 2003 से 2025 तक नाला निर्माण व मरम्मत के नाम पर भारी राशि खर्च की गयी, लेकिन धरातल पर जल निकासी की समस्या जस की तस बनी हुई है. करोड़ों रुपये बह गये, लेकिन नालों से पानी बह नहीं पाया. वही मामले में नगर पंचायत कार्यपालक पदाधिकारी अजय कुमार ने कहा कि अभी हमने प्रभार ही ग्रहण किया है. जल्द ही जमाव की समस्या से निजात दिलायी जायेगी.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




