सड़क निर्माण में अनियमितता पर ग्रामीणों ने जताया विरोध

सड़क निर्माण में अनियमितता पर ग्रामीणों ने जताया विरोध
मुरलीगंज. बिहार के मुरलीगंज में मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क सुदृढ़ीकरण एवं प्रबंधन कार्यक्रम के तहत बन रही सड़क की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है. गंगापुर पंचायत में बन रही इस सड़क के निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने रविवार को विरोध प्रदर्शन किया. बलुआहा नदी पुल से गंगापुर वार्ड संख्या चार और छह तक लगभग 1.330 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण करीब 91 लाख रुपये की लागत से हो रहा है. ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार नियमों का उल्लंघन कर रहा है. ग्रामीण संतोष कुमार ने बताया कि पीसीसी ढलाई पर बिना सफाई और बिना कोलतार डाले ही कालीकरण कर दिया गया है. सड़क पर कालीकरण की मोटाई आधा इंच भी नहीं है, जिसकी वजह से वाहनों के ब्रेक लगाते ही ऊपर की परत उखड़ने लगी है. एक अन्य ग्रामीण गौतम झा ने कहा कि देर रात में केवल एक घंटे में काम खत्म कर दिया गया, जिससे परत बहुत पतली रह गई और उसकी पकड़ नहीं बन पा रही. उनका कहना था कि यदि बीच में कोलतार की परत डाली जाती और फिर मोटाई के अनुसार कालीकरण होता, तो सड़क कुछ साल तक चलती. ग्रामीण जयशंकर कुमार ने बताया कि किनारे पर तो मोटाई नियमानुसार दिखती है, लेकिन बीच में ढलाई मात्र 2 इंच भी नहीं की गई है. इस मामले में, ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता विश्वबंधु राजीव रंजन ने बताया कि कनीय अभियंता ने जांच की है और उसमें गुणवत्ता की कमी पाई गई है. इसके बाद संवेदक शिव कृष्णा बिल्डर्स प्रा. लि. को निर्देश दिया गया है कि मोटाई को फिर से ठीक कर काम को तय मानकों के हिसाब से पूरा किया जाए. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर गुणवत्तापूर्ण सड़क नहीं बनी तो वे आंदोलन करेंगे. इस दौरान संजीव कुमार सुमन, संतोष कुमार, जयशंकर कुमार, शंभू साह, गौतम झा समेत कई अन्य ग्रामीण मौजूद थे. इस सड़क का निर्माण कार्य 28 अप्रैल 2025 को शुरू हुआ था और इसे 27 अप्रैल 2026 तक पूरा किया जाना है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




