मूसलाधार बारिश से जनजीवन हुआ अस्त-व्यस्त

मूसलाधार बारिश से जनजीवन हुआ अस्त-व्यस्त
मधेपुरा. मधेपुरा शहर व आसपास के इलाकों में शनिवार की देर रात मूलसाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया. दिन में लोग जहां धूप और उमस से परेशान रहे, शाम होते ही तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश ने शहर की गलियों और मोहल्लों को जलमग्न कर दिया. बारिश के बाद शहर की गलियां व नालियां एक जैसी दिखने लगी. गुलज़ारबाग, पुरानी बाज़ार और भिरखी जैसे कई मोहल्ले सिर्फ दो घंटे की बारिश में ही जलमग्न हो गए. अचानक हुई बारिश ने बाजार के दुकानदारों और खरीदारी करने आए ग्राहकों को बेहाल कर दिया. कई लोग भीगते हुए घर लौटे, तो कई बारिश में रास्ते में ही फंस गए.
यात्रियों को सबसे ज़्यादा परेशानी हुई
मधेपुरा बस स्टैंड पर भी चारों तरफ़ पानी जमा हो गया. पटना और मुज़फ़्फ़रपुर जाने वाले यात्रियों को काफ़ी परेशानी का सामना करना पड़ा. वहीं, सावन के आखिरी सोमवार को सिंहेश्वर बाबा के दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालु भी बारिश में भीगते हुए मंदिर पहुंचे.
फसलों पर बारिश का असर
कृषि विज्ञान केंद्र के कर्मचारियों ने बताया कि यह बारिश धान, जूट और अन्य खरीफ फसलों के लिए फायदेमंद साबित होगी. लेकिन इसका सब्जियों की फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है. अगर बारिश इसी तरह जारी रही, तो सब्जियों का उत्पादन कम हो सकता है.
मौसम विभाग ने दी चेतावनी
भारतीय मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए भारी बारिश, गरज और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. मानसून की एक विशेष रेखा मधेपुरा के ऊपर से गुजर रही है, जिससे मौसम का मिजाज पूरी तरह बिगड़ गया है. विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




