प्रोन्नति, स्थानांतरण व वेतन भुगतान की मांग को लेकर शिक्षकों ने दिया धरना

Edited by Kumar Ashish
Updated:
विज्ञापन

प्रोन्नति, स्थानांतरण व वेतन भुगतान की मांग को ले शिक्षकों ने दिया धरना

विज्ञापन

मधेपुरा. बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ के राज्यव्यापी आह्वान पर सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित डीएम कार्यालय के समक्ष शिक्षकों ने धरना-प्रदर्शन किया. संघ के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम में नियोजित शिक्षकों की प्रोन्नति, ऐच्छिक स्थानांतरण, लंबित वेतन भुगतान समेत विभिन्न मांगों को लेकर शिक्षकों ने सरकार व शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी की. धरना की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष भुवन कुमार ने की. चार माह से वेतन नहीं मिलने से बढ़ी परेशानी संघ के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप कुमार पप्पू ने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने वाले शिक्षक सरकार व विभाग की उदासीनता के कारण परेशान हैं. उन्होंने कहा कि नियमावली में स्पष्ट प्रावधान होने के बावजूद वर्षों से कार्यरत नियोजित शिक्षकों को प्रोन्नति और स्थानांतरण का लाभ नहीं मिल रहा है. वहीं चार माह से वेतन भुगतान नहीं होने से शिक्षकों को आर्थिक व मानसिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. नियमावली के प्रावधान लागू करने की मांग प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बिहार पंचायत/नगर निकाय शिक्षक नियोजन नियमावली 2006 तथा उसके संशोधित प्रावधानों के तहत शिक्षकों को प्रोन्नति व स्थानांतरण का अधिकार प्राप्त है. इसके बावजूद विभाग इन प्रावधानों को लागू करने में रुचि नहीं दिखा रहा है. उन्होंने कहा कि संघ तब तक संघर्ष जारी रखेगा, जब तक नियोजित शिक्षकों को स्नातक ग्रेड में प्रोन्नति, प्रधानाध्यापक पद पर पदोन्नति तथा अंतर जिला व अंतर नियोजन इकाई स्थानांतरण की सुविधा नहीं मिल जाती. पुरानी पेंशन समेत अन्य सुविधाओं की उठी मांग संघ ने सरकार से नियोजित शिक्षक, विशिष्ट शिक्षक, विद्यालय अध्यापक, प्रधान शिक्षक व प्रधानाध्यापकों को पूर्ण वेतनमान, पुरानी पेंशन योजना, समय पर वेतन भुगतान, लंबित एरियर राशि, कैशलेस चिकित्सा सुविधा तथा अन्य सेवा संबंधी लाभ देने की मांग की. प्रदेश अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आगामी मानसून सत्र के दौरान बिहार विधानसभा का घेराव किया जायेगा. एकजुट रहने का आह्वान जिलाध्यक्ष भुवन कुमार व प्रधान सचिव संजय कुमार ने कहा कि चार माह से वेतन नहीं मिलने के कारण शिक्षकों की आर्थिक स्थिति गंभीर हो गयी है. उन्होंने आरोप लगाया कि आवंटन के अभाव में विभिन्न प्रकार के एरियर का भुगतान भी लंबित है. नेताओं ने शिक्षकों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि संघ उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संघर्षरत रहेगा. धरना-प्रदर्शन को प्रमंडल उपाध्यक्ष रामविलास कुमार, जिला कोषाध्यक्ष विनोद कुमार, जयकुमार ज्वाला, नंद किशोर राम, कुंजबिहारी सिंह, मिथिलेश मालाकार, मुकेश कुमार, संजय कुमार पुतुल, मो. ऐसुर्रहमान, अजय आनंद, भूपेंद्र यादव, लालबहादुर यादव, निशांत ठाकुर, विमलेश कुमार विमल, सुनील चौरसिया, विजय कुमार, शिवेंद्र कुमार, शैलेन्द्र कुमार, अजय पासवान, बबीता कुमारी, मो. सलाम, जयप्रकाश कुमार, अर्जून कुमार, सुबानंद सरदार व रविंद्र कुमार ने संबोधित किया.

विज्ञापन
Kumar Ashish

लेखक के बारे में

By Kumar Ashish

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन