ePaper

मधेपुरा-उदाकिशुनगंज एनएच 106 पर गड्ढों की मार, वाहन चालक परेशान

Updated at : 02 Sep 2025 7:03 PM (IST)
विज्ञापन
मधेपुरा-उदाकिशुनगंज एनएच 106 पर गड्ढों की मार, वाहन चालक परेशान

मधेपुरा-उदाकिशुनगंज एनएच 106 पर गड्ढों की मार, वाहन चालक परेशान

विज्ञापन

मधेपुरा. मधेपुरा से उदाकिशुनगंज तक बनकर तैयार हुआ एनएच 106 इन दिनों कई जगहों पर गड्ढों की वजह से लोगों के लिए मुसीबत बन गया है. लंबे इंतजार के बाद जब यह सड़क तैयार हुई तो लोगों ने राहत की सांस ली थी, लेकिन कुछ ही महीनों के भीतर एनएच की स्थिति बदतर होती जा रही है. जगह-जगह बने गड्ढों से जहां छोटे वाहन चालक परेशान हैं. वहीं कई जगहों पर यह सड़क हादसों का सबब भी बनती जा रही है. एनएच 106 पर जगह-जगह बने गड्ढे यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं. अरार से लेकर ग्वालपाड़ा तक सड़क के जर्जर हालात चिंता का विषय है. तुरकाही और मधुबन के पास ब्लैक स्पॉट दुर्घटनाओं को न्योता दे रहा है. ऐसे में जरूरत है कि संबंधित विभाग तत्काल सड़क की मरम्मत कराये, ताकि लोगों को सुरक्षित व सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके. अरार से ग्वालपाड़ तक सड़क पर गड्ढों का बोलबाला एनएच 106 के अरार, झलाड़ी, उदा, झंझरी ग्वालपाड़ समेत कई हिस्सों में सड़क पर गड्ढा हो गया है..बरसात के दिनों में इनमें पानी भर जाने से गाड़ियों के फिसलने का खतरा और बढ़ जाता है. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं, क्योंकि निर्माण के महज कुछ ही महीने बाद सड़क उखड़ने लगी है. ब्लैक स्पॉट बन चुके हैं कई हिस्से एनएच 106 के तुरकाही के पास और मधुबन गांव स्थित दुर्गा मंदिर के समीप सड़क की स्थिति जर्जर है. यहां गड्ढों की वजह से अक्सर वाहन असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो जाता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इन दोनों जगहों पर ब्लैक स्पॉट की स्थिति बन चुकी है. यदि समय रहते इनका समुचित मरम्मत कार्य नहीं हुआ तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है. हजारों वाहनों का रोजाना आवागमन इस सड़क से रोजाना हजारों की संख्या में गाड़ियां गुजरती हैं. जिले के विभिन्न इलाकों से भागलपुर, देवघर, खगड़िया, सहरसा सहित अन्य जिलों की ओर जाने वाली गाड़ियों के लिए यही मुख्य मार्ग है. छोटे वाहनों के साथ-साथ भारी ट्रकों की आवाजाही भी इसी सड़क से होती है. ऐसे में सड़क की स्थिति खराब रहने से वाहनों की रफ्तार प्रभावित हो रही है. लोगों ने की शीघ्र मरम्मत की मांग स्थानीय लोगों ने कहा कि सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. खासकर स्कूली बच्चे, बाइक सवार और ऑटो चालक सबसे ज्यादा परेशान हैं. दुर्घटना का खतरा हर वक्त बना रहता है. लोगों ने सड़क निर्माण एजेंसी और जिला प्रशासन से तत्काल पहल कर एनएच 106 की मरम्मत कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि जब करोड़ों रुपये खर्च कर सड़क का निर्माण हुआ है,तो इतनी जल्दी सड़क टूटने का मतलब है कि निर्माण में गुणवत्ता से समझौता हुआ है. स्थानीय लोगों की मांग अरार निवासी शंकर यादव ने कहा कि सड़क पर गड्ढों की वजह से हर दिन दुर्घटना का डर बना रहता है. कई बार तो बाइक सवार गड्ढे में गिरकर चोटिल हो जाते हैं. सरकार को जल्द ही मरम्मत करानी चाहिए. झंझरी ग्वालपाड के मुरारी भगत ने कहा कि बरसात के समय सड़क तालाब में बदल जाती है. गड्ढे खतरे में बदल गया है. इस रास्ते से रोजाना स्कूली बच्चे गुजरते हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक चुप है. वहीं मधुबन गांव के समीप के दुकानदार राजेश कुमार ने कहा कि दुर्गा मंदिर के पास तो ब्लैक स्पॉट बन गया है. अक्सर यहां हादसे होते रहते हैं. कई बार स्थानीय लोग मरम्मत की मांग कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Kumar Ashish

लेखक के बारे में

By Kumar Ashish

Kumar Ashish is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन