मधेपुरा में विक्की मेहता हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, चार मुख्य आरोपी गिरफ्तार, हथियार और तीन कारतूस बरामद

Author Aman Kumar|Edited by Amit Kr Sinha
Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

मधेपुरा में 14 नवंबर 2026 को हुई विक्की मेहता की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. 12 सदस्यीय एसआइटी ने कार्रवाई करते हुए 4 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से एक देसी हथियार और 3 जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं.

विज्ञापन

मधेपुरा के पुरैनी थाना क्षेत्र के नया टोला चौक स्थित उदाकिशुनगंज रोड पर 14 नवंबर 2026 को हुई विकास कुमार उर्फ विक्की मेहता की हत्या के मामले का पुलिस ने उद्भेदन करने का दावा किया है. हत्याकांड की जांच के लिए गठित 12 सदस्यीय विशेष जांच दल ने कार्रवाई करते हुए चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देसी हथियार और आठ एमएम के तीन जिंदा कारतूस बरामद किये गये हैं. हथियार बरामदगी को लेकर पुलिस ने अलग से प्राथमिकी दर्ज की है.

विज्ञापन

12 सदस्यीय एसआइटी ने संभाली थी जांच की कमान

हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ संदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ उदाकिशुनगंज पवन कुमार के नेतृत्व में 12 सदस्यीय एसआइटी गठित की गयी थी. टीम में इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर समेत पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे. एसआइटी ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के इलाकों से जानकारी जुटायी और तकनीकी व वैज्ञानिक अनुसंधान के जरिये साक्ष्य एकत्र किये.

जांच के दौरान मिले तथ्यों और तकनीकी साक्ष्यों को जोड़ते हुए पुलिस संदिग्धों तक पहुंची. इसके बाद उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाकर गिरफ्तारी की कार्रवाई की गयी.

चार मुख्य आरोपियों को दबोचा

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में पुरैनी थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 12 निवासी ललन कुमार उर्फ सेठू, चौसा थाना क्षेत्र के रसलपुर धुरिया वार्ड नंबर सात निवासी नीतीश कुमार, पूर्णिया जिले के मोजमपट्टी वार्ड नंबर 11 निवासी अखिलेश कुमार और पुरैनी थाना क्षेत्र के नया टोला वार्ड नंबर 11 निवासी करीब 55 वर्षीय श्रीधर मंडल शामिल हैं.

पूछताछ के दौरान पुलिस ने हत्याकांड से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने का दावा किया है. आरोपियों के पास से बरामद देसी हथियार और आठ एमएम के तीन जिंदा कारतूस को लेकर भी जांच की जा रही है. पुलिस हथियार के स्रोत और उसके इस्तेमाल से जुड़े पहलुओं को खंगाल रही है.

पुरानी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई का एंगल

पुलिस अनुसंधान में अब तक पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और क्षेत्र में वर्चस्व कायम करने की लड़ाई को हत्या की प्रमुख वजह बताया गया है. पुलिस के अनुसार मृतक के प्रभाव को लेकर कुछ लोगों में असहजता थी और पुराने विवाद ने भी तनाव को बढ़ाया. जांच में हत्या की साजिश रचे जाने की बात सामने आने का पुलिस ने दावा किया है.

हालांकि हत्या की साजिश किस स्तर पर तैयार हुई और इसमें किसकी क्या भूमिका रही, इसे लेकर पुलिस अभी आगे की जांच कर रही है.

अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

पुलिस के अनुसार हत्याकांड में शामिल अन्य लोगों की पहचान भी की गयी है. उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस अन्य संदिग्धों की भूमिका का सत्यापन कर रही है.

एसपी डॉ संदीप सिंह ने कहा कि मामले को गंभीरता से लेते हुए एसआइटी ने लगातार जांच की. चार आरोपियों की गिरफ्तारी और हथियार बरामदगी के साथ महत्वपूर्ण सफलता मिली है. हत्याकांड में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी साक्ष्य के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन