औरंगाबाद में विवाहिता जूली की संदिग्ध मौत, सल्फास खिलाकर हत्या का आरोप; दहेज प्रताड़ना का भी दावा
दहेज के लिए विवाहिता जूली की संदिग्ध मौत हो गई। मायके वालों ने पति और सास-ससुर पर सल्फास खिलाकर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद से ससुराल पक्ष ने मौत की सूचना छिपाई।
woman murder: दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा के आरोपों के बीच जूली कुमारी नामक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है. मृतका के भाई पार्थिव पटेल उर्फ नवल यादव ने आरोप लगाया कि जूली को सल्फास खिलाकर उसकी हत्या की गई. परिजनों के अनुसार, जूली की मौत की जानकारी मायके वालों को नहीं दी गई और केवल तबीयत खराब होने की सूचना दी गई. सूचना मिलने के बाद जब मायके के लोग ससुराल पहुंचे, तो जूली का शव आंगन में पड़ा मिला. घटना के बाद मायके में कोहराम मच गया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद भेज दिया है.
शादी के बाद से दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप
जम्होर थाना क्षेत्र के पौथू पंचायत के रतनौर गांव निवासी नवल यादव ने बताया कि उनकी बहन जूली कुमारी की शादी वर्ष 2016 में सूरज कुमार, पिता राजेंद्र सिंह, निवासी सेंधोखाप, पंचायत रिऊर, थाना नरारी खुर्द के साथ हुई थी. भाई का आरोप है कि शादी के बाद से ही जूली को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था. दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है.
परिजनों का यह भी आरोप है कि बच्चा नहीं होने पर जूली को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था और उसे अपमानजनक बातें कही जाती थीं.
तबीयत खराब होने की सूचना देने का आरोप
नवल यादव के अनुसार, ससुराल पक्ष ने जूली की मौत की सूचना सीधे मायके वालों को नहीं दी. परिजनों को केवल उसकी तबीयत खराब होने की जानकारी दी गई. सूचना मिलने पर मायके के लोग जब ससुराल पहुंचे, तो जूली का शव आंगन में पड़ा मिला. शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई.

मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि जूली को सल्फास खिलाकर उसकी हत्या की गई और घटना की जानकारी मायके वालों से छिपाने का प्रयास किया गया. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
नरारी कला थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद भेजा गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.
मृतका के भाई ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और पति सूरज कुमार समेत उसके माता-पिता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए