सिंहेश्वर गोलीकांड का खुलासा, कुख्यात अपराधी समेत तीन गिरफ्तार, देसी पिस्टल और कारतूस बरामद
फोटो- प्रेस वार्ता कर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जानकारी देते हुए | Prabhat Khabar Network
सिंहेश्वर थाना क्षेत्र में मृत्यु भोज के दौरान हुए गोलीकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कुख्यात अपराधी संदीप कुमार उर्फ पहलवान समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
Madhepura Firing Case: सिंहेश्वर (मधेपुरा). सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के बेहरारी वार्ड संख्या-दो में मृत्यु भोज के दौरान हुई गोलीबारी की घटना में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस अधीक्षक डॉ. संदीप सिंह के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम ने कुख्यात अपराधी संदीप कुमार उर्फ पहलवान समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से हथियार और कारतूस भी बरामद किए गये हैं.
मृत्यु भोज के दौरान हुआ था खूनी विवाद
जानकारी के अनुसार 1 अगस्त 2026 को बेहरारी वार्ड संख्या-दो में मृत्यु भोज के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था. देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प और गोलीबारी में बदल गया. घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया था. इसके बाद सिंहेश्वर थाना में कांड संख्या 311/26 दर्ज किया गया.
तकनीकी जांच से पुलिस को मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. संदीप सिंह के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रवेंद्र भारती के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई. जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर 5 अगस्त 2026 को विवेक यादव और मनमथ यादव को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की.
कुख्यात अपराधी पहलवान गिरफ्तार
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने दूसरे पक्ष के नामजद आरोपी संदीप कुमार उर्फ पहलवान को गिरफ्तार किया. वह शंकरपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है और उसके खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी, मारपीट तथा अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं. पुलिस के अनुसार वह पहले सीसीए के तहत जेल भी जा चुका है.
हथियार और कारतूस बरामद
पूछताछ के दौरान संदीप कुमार की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से एक देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए. इसके अलावा गोलीकांड में शामिल एक अन्य आरोपी बृजेश कुमार उर्फ बजीर यादव को भी गिरफ्तार किया गया. दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
एसपी बोले- अपराधियों पर होगी सख्त कार्रवाई
Madhepura Firing Case: पुलिस अधीक्षक डॉ. संदीप सिंह ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई में सिंहेश्वर थाना, शंकरपुर थाना तथा जिला पुलिस बल के अधिकारियों और जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










