101 कलश के साथ निकली भव्य शोभायात्रा, रौता गांव में शुरू हुआ तीन दिवसीय रामधुनी महायज्ञ और रासलीला
भव्य शोभायात्रा
Madhepura News: मधेपुरा के रौता गांव में रविवार को भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला. 101 कन्याओं और महिलाओं ने कलश यात्रा निकालकर तीन दिवसीय रामधुनी महायज्ञ, प्राण प्रतिष्ठा और रासलीला का शुभारंभ किया.
पुरैनी (मधेपुरा) से रिपोर्ट
Madhepura News: पुरैनी प्रखंड के कुरसंडी पंचायत स्थित रौता गांव रविवार को पूरी तरह भक्तिमय हो उठा. बजरहा बाबा स्थान परिसर में तीन दिवसीय रामधुनी महायज्ञ, प्राण प्रतिष्ठा एवं रासलीला का शुभारंभ 101 कलशों के साथ निकाली गई भव्य कलश यात्रा से हुआ. धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है. बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण इस आयोजन में शामिल हुए.
101 कन्याओं और महिलाओं ने निकाली भव्य कलश यात्रा
आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम के शुभारंभ पर 101 कन्याओं और महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में कलश यात्रा में भाग लिया. कलश यात्रा बजरहा बाबा स्थान, रौता से शुरू होकर पूरे गांव का भ्रमण करते हुए बथनाहा स्थित शिव मंदिर पहुंची. यहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने कलश में जल भरा और पुनः यज्ञ स्थल की ओर प्रस्थान किया. पूरे मार्ग में जय श्रीराम और धार्मिक जयघोषों से माहौल भक्तिमय बना रहा.
प्राण प्रतिष्ठा के साथ शुरू हुए धार्मिक अनुष्ठान
यज्ञ के दौरान गरीब बाबा और बजरंगबली की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा की गई. वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए. इसके साथ ही तीन दिनों तक चलने वाले रामधुनी महायज्ञ और रासलीला का भी शुभारंभ हुआ. श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की.
रासलीला और भक्ति कार्यक्रमों से गूंजेगा गांव
आयोजन समिति ने बताया कि महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन और रासलीला का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम में आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. समिति ने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है.
Madhepura News: आयोजन को सफल बनाने में जुटे ग्रामीण
इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में मुखिया कुंदन सिंह, पूर्व मुखिया रजनीश कुमार उर्फ बबलू, उपमुखिया रामप्रकाश सिंह उर्फ पमपम, कौशल यादव, लड्डू यादव, मनीष यादव, रणधीर यादव, रमेश यादव, सियाराम यादव, शोभाकांत यादव, युगल किशोर यादव, उपेंद्र यादव, पंकज यादव, ऋषि कुमार, संतोष कुमार, राजनंदन कुमार, विक्रम यादव, विकास सिंह और राधेश्याम दास सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं. कलश यात्रा में जनप्रतिनिधियों के साथ सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रत्युष प्रशांत
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









