मधेपुरा में हत्या के बाद बेकाबू हुआ गुस्सा, आरोपी के घर शव लेकर पहुंचे परिजन, अंतिम संस्कार की जिद से बढ़ा तनाव
आरोपी के घर में रखा शव | Prabhat Khabar Network
मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर थाना क्षेत्र में 28 वर्षीय अनुराग की हत्या के बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा. पोस्टमार्टम के बाद शव आरोपी प्रदीप कुमार के घर ले जाया गया, जहाँ परिजनों ने हंगामा किया और वहीं अंतिम संस्कार करने की मांग पर अड़े रहे. गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है.
Madhepura News: मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के लालपुर सरोपट्टी गांव में 28 वर्षीय अनुराग कुमार की हत्या के बाद माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया. पोस्टमार्टम के बाद जब बुधवार शाम अनुराग का शव गांव पहुंचा, तो परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोग शव को लेकर सीधे आरोपी प्रदीप कुमार के घर पहुंच गए, जहां जमकर हंगामा और तोड़फोड़ हुई. स्थिति इतनी बिगड़ गई कि परिजन आरोपी के घर के आंगन में ही अनुराग का अंतिम संस्कार करने की जिद पर अड़ गए. गांव में देर शाम तक तनाव और अफरातफरी का माहौल बना रहा.
शव गांव पहुंचते ही भड़क उठा गुस्सा
बुधवार शाम पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही अनुराग कुमार का शव लालपुर सरोपट्टी गांव पहुंचा, पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल फैल गया.
परिजनों की चीख-पुकार और ग्रामीणों की भीड़ देखते ही देखते उग्र हो गई. बड़ी संख्या में लोग शव को लेकर गांव के ही आरोपी प्रदीप कुमार के घर की ओर बढ़ गए.
आरोपी के घर में तोड़फोड़
ग्रामीणों और परिजनों ने आरोपी के घर पहुंचकर जमकर हंगामा किया.
आरोप है कि गुस्साए लोगों ने घर में रखे सामान को इधर-उधर फेंक दिया और तोड़फोड़ की. काफी देर तक इलाके में अफरातफरी की स्थिति बनी रही.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति पर नजर रखी.
आरोपी के आंगन में अंतिम संस्कार की जिद
परिजनों का आक्रोश इतना अधिक था कि उन्होंने आरोपी के घर के आंगन में ही अनुराग का दाह संस्कार करने की मांग शुरू कर दी.
समाचार लिखे जाने तक परिजन और ग्रामीण आरोपी के घर के आंगन से हटने को तैयार नहीं थे.
उनका कहना था कि अनुराग की हत्या के जिम्मेदार आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए और उसे फांसी की सजा दी जाए.
छह माह पहले हुई थी लव मैरिज
मृतक अनुराग कुमार और आरोपी प्रदीप कुमार दोनों मकान निर्माण कार्य में छड़ बांधने का काम करते थे.
परिजनों के अनुसार अनुराग की शादी अभी केवल छह माह पहले ही हुई थी. उसने गांव की ही एक युवती से प्रेम विवाह किया था.
शादी के बाद परिवार में खुशियां थीं, लेकिन बुधवार की घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया.
अनुराग की पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
Madhepura News: गांव में तनाव, पुलिस पर टिकी निगाहें
हत्या के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है.
ग्रामीण लगातार आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठा रही है.
प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सुशांत कुमार
सुशांत कुमार प्रिंट माध्यम में 10 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सिंहेश्वर (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










