मधेपुरा में दोस्त से विवाद बना जानलेवा, छह महीने पहले शादी करने वाले अनुराग की चाकूबाजी में मौत
मृतक का फ़ाइल फोटो लालपुर स्थित घर पर विलाप करते परिजन | Prabhat Khabar Network
मधेपुरा जिले में बुधवार सुबह एक दुखद घटना सामने आई, जहां दोस्त के साथ हुए विवाद में 28 वर्षीय अनुराग कुमार की चाकूबाजी में मौत हो गई. छह महीने पहले ही प्रेम विवाह करने वाले अनुराग की मौत से परिवार और इलाके में मातम पसरा है.
Madhepura News: मधेपुरा जिले के अरार थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह हुई चाकूबाजी की घटना ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं. छह महीने पहले प्रेम विवाह करने वाले 28 वर्षीय अनुराग कुमार की अपने ही दोस्त के साथ हुए विवाद में मौत हो गई, जबकि उसका साथी प्रदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया. डेफरा नहर के पास हुई इस घटना के बाद लालपुर सरोपट्टी और आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई. अनुराग की पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
मामूली कहासुनी ने ले ली जान
घटना अरार थाना क्षेत्र के डेफरा नहर के पास की बताई जा रही है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दो दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और चाकूबाजी में बदल गई.
इस दौरान अनुराग कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी. वहीं प्रदीप कुमार गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज चल रहा है.
छह महीने पहले की थी प्रेम विवाह
मृतक की पहचान सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के लालपुर सरोपट्टी वार्ड-13 निवासी मनी मंडल के पुत्र अनुराग कुमार (28) के रूप में हुई है. घायल प्रदीप कुमार सरोपट्टी काली चौक निवासी पुरन मंडल का पुत्र बताया गया है.
ग्रामीणों के अनुसार अनुराग और प्रदीप दोनों मकान निर्माण में छड़ बांधने का काम करते थे और एक-दूसरे के परिचित थे. अनुराग ने लगभग छह माह पहले गांव की ही एक युवती से प्रेम विवाह किया था.
परिजनों ने बताया कि शादी के बाद परिवार में खुशियों का माहौल था और दोनों अपना नया जीवन शुरू कर रहे थे. लेकिन बुधवार की घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया.
पत्नी और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
अनुराग की मौत की खबर जैसे ही घर पहुंची, पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई. उसकी पत्नी बेसुध हो गई और परिजन लगातार रोते रहे.
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल ही में हुए विवाह के कारण पूरे गांव में अनुराग और उसकी पत्नी को लेकर खुशियों का माहौल था. इसलिए उसकी अचानक हुई मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.
पुलिस जांच में जुटी, विवाद की वजह स्पष्ट नहीं
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अनुराग के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में दोनों के बीच विवाद, मारपीट और चाकूबाजी की बात सामने आई है. हालांकि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और चाकू का इस्तेमाल किस परिस्थिति में हुआ, इसकी जांच की जा रही है.
Madhepura News: ग्रामीणों ने की निष्पक्ष जांच की मांग
घटना के बाद लालपुर सरोपट्टी और आसपास के गांवों में आक्रोश और शोक का माहौल है. ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, पूरी सच्चाई सामने लाने और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सुशांत कुमार
सुशांत कुमार प्रिंट माध्यम में 10 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सिंहेश्वर (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










