धर्मकांटा के छत पर फंदे से लटका मिला युवक का शव, प्रेम-प्रसंग में आत्महत्या की आशंका

Updated:
विज्ञापन
धर्मकांटा के छत पर फंदे से लटका मिला युवक का शव, प्रेम-प्रसंग में आत्महत्या की आशंका

मुरलीगंज-बिहारीगंज मुख्य सड़क पर स्थित ‘श्री बालाजी धर्मकांटा’ में गुरुवार की रात एक युवक का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी.

विज्ञापन

फोन पर युवती से बातचीत को लेकर तनाव की आशंका,

जांच में जुटी पुलिस

मुरलीगंज.

मुरलीगंज-बिहारीगंज मुख्य सड़क पर स्थित ‘श्री बालाजी धर्मकांटा’ में गुरुवार की रात एक युवक का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान भेलाही गांव निवासी अजय यादव के 22 वर्षीय पुत्र रोशन कुमार के रूप में की गयी है, जो धर्मकांटा पर मुंशी के रूप में कार्यरत था. परिजनों के अनुसार, रौशन का बड़ा भाई पुष्पक कुमार रोजगार के सिलसिले में बाहर रहता है. उसकी अनुपस्थिति में रौशन पिछले करीब नौ महीनों से धर्मकांटा का काम संभाल रहा था. उसके साथ उसका ममेरा भाई निपुण भी वहीं रहकर पढ़ाई करता था.

निपुण ने बताया कि गुरुवार की रात करीब आठ बजे दोनों ने साथ बैठकर खाना खाया, इसके बाद रौशन छत पर चला गया, जबकि वह नीचे पढ़ाई करने लगा. काफी देर तक रौशन के वापस नहीं आने पर जब निपुण उसे बुलाने छत पर पहुंचा, तो वहां का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गये. रौशन का शव फंदे से लटका हुआ था.

घटना का एक अहम पहलू यह भी सामने आया है कि मौके पर रखी कुर्सी पर रौशन का मोबाइल फोन पड़ा था, इस पर लगातार एक युवती का कॉल आ रहा था. परिजनों का कहना है कि बीते करीब 15 दिनों से रौशन किसी लड़की से घंटों फोन पर बातचीत करता था. आशंका जताई जा रही है कि आपसी अनबन या मानसिक तनाव के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उससे पहले ही परिजनों ने शव को फंदे से नीचे उतार दिया था. इस दौरान साक्ष्यों के साथ अनजाने में हुई छेड़छाड़ को लेकर पुलिस ने परिजनों को फटकार भी लगायी.

पुलिस ने मृतक व उसके ममेरे भाई निपुण के मोबाइल फोन जब्त कर लिये हैं और कॉल रिकॉर्ड व अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहरायी से जांच की जा रही है. थानाध्यक्ष नूरुल हक ने बताया कि फॉरेंसिक टीम से घटनास्थल की जांच करायी गयी है. प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी.

विज्ञापन
कुमार आशीष

लेखक के बारे में

By कुमार आशीष

कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन