जन-जन तक पहुंचे समाधान : पंचायत स्तर पर ‘सहयोग शिविर’ की नई पहल

जन-जन तक पहुंचे समाधान : पंचायत स्तर पर ‘सहयोग शिविर’ की नई पहल
– हर माह प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को लगेगा शिविर, शिकायतों का होगा त्वरित निवारण
मधेपुरा
मुख्य सचिव के आदेश के आलोक में आम नागरिकों की जन शिकायतों को सरल, सुलभ एवं प्रभावी ढंग से प्राप्त कर उनके त्वरित निवारण हेतु जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण एवं जनहितकारी पहल प्रारंभ करने जा रही है. इस पहल के तहत अब प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को जिले के सभी पंचायतों में “सहयोग शिविर” का नियमित आयोजन सुनिश्चित किया गया है. इसी क्रम में मई माह के तृतीय मंगलवार को जिले के विभिन्न पंचायतों में व्यापक स्तर पर “सहयोग शिविर” का आयोजन होगा. इस शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को उनके निकटतम स्तर पर सुनना एवं यथाशीघ्र समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को बार-बार प्रखंड या जिला मुख्यालय का चक्कर न लगाना पड़े. शिविर की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी, अपर समाहर्त्ता अथवा उनके समकक्ष जिला स्तरीय बिहार प्रशासनिक सेवा के पदाधिकारी द्वारा की जायेगी. साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्त्ता एवं अन्य संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी भी उपस्थित रहकर विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों का मौके पर ही निष्पादन सुनिश्चित करेंगे. “सहयोग शिविर” का आयोजन पंचायत सरकार भवन अथवा उसके निकट स्थित किसी उपयुक्त सार्वजनिक स्थल पर किया जायेगा, इससे अधिकाधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके. शिविर में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, जन वितरण प्रणाली, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, जलापूर्ति सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों का पंजीकरण एवं त्वरित समाधान किया जायेगा. जिला प्रशासन ने सभी आम नागरिकों से अपील की गयी है कि वे इस जनहितकारी पहल का अधिकतम लाभ उठाएं तथा अपने संबंधित पंचायत में आयोजित “सहयोग शिविर” में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त करें. यह पहल प्रशासन एवं आम जनता के बीच सीधे संवाद, पारदर्शिता एवं विश्वास को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सशक्त कदम है, जिससे “सशक्त पंचायत, संतुष्ट नागरिक” की परिकल्पना को साकार किया जा सकेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










