लखीसराय में झुलसाने लगी गर्मी, सुबह 7 बजे ही 31°C पार, दोपहर में लू का अलर्ट

Updated:
विज्ञापन

Lakhisari Weather Update : लखीसराय में सुबह होते ही सूरज ने दिखाये तेवर. सुबह 7 बजे ही तापमान 31 डिग्री पहुंच गया, जबकि दिन चढ़ने के साथ लू और चिलचिलाती धूप ने लोगों की मुश्किलें बढ़ानी शुरू कर दी हैं.

विज्ञापन

लखीसराय से अजीत सिंह की रिपोर्ट : लखीसराय में सोमवार की शुरुआत तीखी धूप और तेज गर्मी के साथ हुई. मौसम विभाग के अनुसार दिनभर भीषण गर्मी और लू जैसी स्थिति बनी रह सकती है. प्रशासन और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है. वहीं बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए स्कूलों के समय में भी बदलाव किया गया है.

सुबह से ही दिखने लगा गर्मी का असर

सोमवार की सुबह सात बजे ही तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे लोगों को सुबह से ही तेज गर्मी का एहसास होने लगा. मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक दिन में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.दोपहर के समय चिलचिलाती धूप के साथ लू चलने का भी अनुमान जताया गया है. मौसम विशेषज्ञों ने खासकर दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक बिना जरूरी काम के घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है.

रोहिणी नक्षत्र के साथ और बढ़ सकती है गर्मी

25 मई से रोहिणी नक्षत्र की शुरुआत हो चुकी है. ग्रामीण क्षेत्रों में इसे भीषण गर्मी का संकेत माना जाता है. जानकारों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है तथा फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं.शाम के समय हल्का धुंध छाने की संभावना जरूर जतायी गयी है, लेकिन इससे तापमान में ज्यादा गिरावट की उम्मीद नहीं है.

स्वास्थ्य और खेती दोनों पर असर

भीषण गर्मी का असर अब लोगों के स्वास्थ्य के साथ खेती पर भी दिखने लगा है. कड़ी धूप के कारण सब्जियों के पत्ते पीले पड़ने लगे हैं. किसानों को खेतों की नियमित सिंचाई करने की सलाह दी गयी है ताकि फसलों को नुकसान से बचाया जा सके.स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से पर्याप्त पानी पीने, ग्लूकोज, जूस और तरल पदार्थों का सेवन बढ़ाने की अपील की है ताकि शरीर में पानी की कमी न हो.

बच्चों की सेहत को लेकर स्कूलों में बदलाव

गर्मी और लू के बढ़ते असर को देखते हुए छोटे बच्चों की पढ़ाई पर भी असर पड़ा है. कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों की छुट्टी कर दी गयी है, जबकि कक्षा 6 से 8 तक की पढ़ाई सुबह 11 बजे तक ही संचालित की जा रही है. प्रशासन ने अभिभावकों से बच्चों को धूप से बचाने की अपील की है.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन