टाटा-छपरा एक्सप्रेस के जनरेटर कोच से 95 बोतल विदेशी शराब के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार
गिरफ्तार तस्कर व बरामद शराब के साथ आरपीएफ अधिकारी | Prabhat Khabar Network
पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल में 'ऑपरेशन सतर्क' के तहत RPF को बड़ी कामयाबी मिली है. किऊल स्टेशन पर टाटा-छपरा एक्सप्रेस से तीन अंतरप्रांतीय शराब तस्करों को 95 बोतल विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है. जब्त की गई शराब 'For Sale in Bengal Only' अंकित थी.
पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल में रेल मार्गों के जरिए हो रही अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन सतर्क' के तहत आरपीएफ (RPF) पोस्ट किऊल को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है. किऊल स्टेशन पर टाटा-छपरा एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 18181) के जनरेटर कार में गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी के दौरान 95 बोतल विदेशी शराब के साथ तीन अंतरप्रांतीय शराब तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है.
गुप्त सूचना पर RPF ने किऊल स्टेशन पर रोका ट्रेन
आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी प्रशांत कुमार को शनिवार की सुबह गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि टाटा-छपरा एक्सप्रेस के जनरेटर कोच में भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब छिपाकर ले जाई जा रही है. सूचना मिलते ही निरीक्षक प्रभारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष टीम का गठन किया. ट्रेन में सघन जांच चलाने के उद्देश्य से स्टेशन अधीक्षक किऊल से ट्रेन के किऊल स्टेशन पर 5 मिनट अतिरिक्त ठहराव का अनुरोध किया गया और इसकी जानकारी दानापुर सुरक्षा नियंत्रण कक्ष को दी गई.
जनरेटर कोच से तीन तस्कर गिरफ्तार
जैसे ही टाटा-छपरा एक्सप्रेस किऊल जंक्शन पहुंची, आरपीएफ टीम ने तुरंत जनरेटर कार को खुलवाकर तलाशी शुरू की. जांच के दौरान कोच के भीतर तीन संदिग्ध युवक एक झोले और तीन बैग के साथ छिपे मिले. आरपीएफ ने मौके पर पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराते हुए सुबह 6:43 बजे तीनों तस्करों को ट्रेन से नीचे उतारा. गिरफ्तार तस्करों की पहचान बेगूसराय जिले के बलिया थाना क्षेत्र निवासी विकास सिंह (47 वर्ष), मोहम्मद अहसान (24 वर्ष) और राजा कुमार (20 वर्ष) के रूप में की गई है.
'फॉर सेल इन बंगाल' लिखी शराब बरामद
तस्करों के बैगों की तलाशी लेने पर कुल 26.7 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत ₹4,045 बताई गई है. बरामद शराब में 65 टेट्रा पैक 'ऑफिसर चॉइस' व्हिस्की, 27 केन 'हेवर्ड्स 5000' बीयर, 1 बोतल 'रॉयल स्टैग' और 2 बोतल 'स्मोक्सी वोडका' शामिल हैं. जब्त की गई सभी शराब की बोतलों और केन पर स्पष्ट रूप से 'For Sale in Bengal Only' अंकित था.
उत्पाद थाना लखीसराय को सौंपे गए आरोपी
आरपीएफ टीम द्वारा मौके पर मौजूद रेल यात्रियों से कानूनी गवाह बनने का आग्रह किया गया, लेकिन किसी के तैयार न होने पर आरपीएफ जवानों को ही निष्पक्ष साक्षी बनाकर जब्ती सूची तैयार की गई. इसके पश्चात कागजी औपचारिकताएं पूरी कर तीनों गिरफ्तार तस्करों और जब्त शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद थाना लखीसराय के सुपुर्द कर दिया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजीव मुरारी सिन्हा
राजीव मुरारी सिन्हा लखीसराय में प्रिंट माध्यम में 23 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के लखीसराय कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










