पीरीबाजार में सीसीटीवी की मांग तेज] कारोबारियों ने कहा- सुरक्षा व्यवस्था हो मजबूत
लखीसराय के पीरीबाजार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग तेज हो गई है। व्यापारियों ने प्रशासन से जल्द पहल करने की अपील की है।
पीरीबाजार (लखीसराय). स्थानीय पीरीबाजार बाजार की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवाज तेज हो गई है. बाजार के प्रमुख चौक-चौराहों, बस पड़ाव, बैंक, स्कूल-कॉलेज, रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग जोर पकड़ने लगी है. स्थानीय व्यवसायियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से इस दिशा में पहल करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि पीरीबाजार एक बड़ा व्यावसायिक केंद्र है. यहां प्रतिदिन हजारों लोगों की आवाजाही होती है. दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं. ऐसी स्थिति में चोरी, छिनतई, सड़क हादसा या किसी अन्य अप्रिय घटना होने पर सीसीटीवी फुटेज अहम साक्ष्य बन सकता है. अपराध पर लगेगी लगाम व्यवसायियों ने कहा कि आज लगभग सभी शहरों और बड़े बाजारों में सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था है. इससे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को मदद मिलती है. कैमरे लगने से असामाजिक तत्वों में भय रहेगा और अपराध की घटनाओं में कमी आयेगी. नागरिकों का कहना है कि बाजार में शाम के समय भीड़ बढ़ जाती है. कई बार छिनतई और छोटी-मोटी चोरी की घटनाएं होती हैं. कैमरा नहीं रहने से आरोपियों की पहचान मुश्किल हो जाती है. कंट्रोल रूम बनाने की भी मांग लोगों ने मांग की है कि प्रशासन संवेदनशील स्थलों का सर्वे कर प्राथमिकता के आधार पर कैमरे लगाये. साथ ही निगरानी के लिए एक केंद्रीकृत कंट्रोल रूम की व्यवस्था की जाय, ताकि किसी भी घटना का त्वरित खुलासा हो सके. व्यापारियों ने कहा कि सीसीटीवी लगने से व्यापारियों और आम नागरिकों में सुरक्षा को लेकर विश्वास मजबूत होगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










